बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ‘मोदी से बैर नहीं, नीतीश तेरी खैर नहीं, का राग अलाप रही लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के खिलाफ कड़ा रुख इख्तियार करते हुए आज स्पष्ट किया कि प्रदेश में उनकी पार्टी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विधानसभा का चुनाव लड़ रही है और नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा नहीं करने वालों के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में कोई जगह नहीं है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद संजय जयसवाल ने आज जल्दबाजी में बुलाए गए संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा बिहार में मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही है। नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा नहीं रखने वालों के लिए राजग में कोई जगह नहीं है।
जायसवाल ने दावा करते हुए कहा कि नीतीश के नेतृत्व में बिहार के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन तीन चौथाई सीटों पर जीत दर्ज करेगी। वह मात्र दो मिनट के लिए मीडिया के समक्ष उपस्थित हुए और न किसी सवाल का जवाब दिया और न ही कोई दूसरी बात की।
उल्लेखनीय है कि लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास के कार्यों को लेकर प्रचार-प्रसार कर रहे हैं जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज करते रहे हैं। ऐसे में लोजपा का राजग से बाहर होना अब तय माना जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



