पटना : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कांग्रेस पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के घोषणापत्र को झूठ का पुलिंदा और सैन्यबलों का अपमान करनेवाला बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार सेना के शौर्य एवं बलिदान का अपमान करती आई है। कांग्रेस आज पतन की अंतिम सीमा को छू गयी है। उसने अपने घोषणापत्र में कहा है कि वह अफस्पा हटाएगी और सेना के अधिकार को कम करेगी। इसका मतलब क्या यह नहीं है कि कांग्रेस ने कश्मीर में अलगाववादियों एवं आतंकवादियों से बैक एंड समझौता कर लिया है।
नित्यानंद राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने वादा किया है कि वह अलगाववादियों से बात करेगी। किसको खुश करने के लिए कांग्रेस पार्टी ऐसा कर रही है, क्या कारण है कि आतंकवादी, अलगाववादी, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री और कांग्रेस का घोषणापत्र एक ही भाषा का प्रयोग करती है। उनके घोषणापत्र से कश्मीरी पंडितों का पुनर्वास और पाकिस्तान पोषित आतंकवाद तो गायब है। कांग्रेस मतलब झूट का पुलिंदा। इस पार्टी ने 2004 के घोषणापत्र में बिजली पहुंचाने का वादा किया था। 2009 और 2014 में भी यह कांग्रेस के घोषणापत्र का हिसा रहा लेकिन इसे पूरा मोदी सरकार ने पिछले पांच वर्षों में किया।
श्री राय ने कहा कि 2004 में कांग्रेस ने वादा किया था कि वह जनता के प्रति जवाबदेह है, इसलिए हर साल 2 अक्टूबर को पूरे किए गये वादों का लेखा जोखा जनता के सामने रखेगी। कांग्रेस ने यह भी वादा किया था कि सरकार बनने के 100 दिनों में वह एक्शन प्लान पेश करेगी। आज तक कांग्रेस की सरकार में यह हुआ ही नहीं। मोदी जी हर साल अपने कामकाज का लेखा-जोखा देश की जनता को देते हैं।
नित्यानंद राय ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस अगर अपने आधे वादे भी पूरे करती तो देश की तस्वीर ही कुछ और होती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 2011 तक देश के हर नागरिक को आधार कार्ड देने का वादा किया था, सरकार जाने तक कांग्रेस पार्टी केवल 46 करोड़ लोगों को ही आधार कार्ड से जोड़ पाई थी, आज देश के लगभग हर नागरिक के पास आधार कार्ड है। राहुल जी,आप का दावा है कि सुरक्षा के लिए उच्चतम कदम उठाएंगे, सच ये है कि आप 10 साल में एक लड़ाकू विमान का डील तो कर नहीं पाए।
कांग्रेस को लपेटते हुए कहा कि ये पार्टी विस्मरण से ग्रस्त है। इन्होंने वादा किया है कि वह सबको स्वास्थ्य सुरक्षा देंगे, जबकि वास्तविकता यह है कि 2013-14 तक केवल ढाई करोड़ लोग ही इस योजना से कवर्ड हो पाए थे। मोदी जी ने देश के 50 करोड़ गरीबों को पांच लाख रुपये तक की वार्षिक स्वास्थ्य बीमा दे दी है। पिछले चार महीनों में ही 20 लाख से अधिक लोग लाभान्वित हो पाए हैं।
नित्यानंद राय ने कहा कि मोदी सरकार ने पांच साल में वह कर दिखाया है जो कांग्रेस के कुशासन के 60 वर्षों में नहीं हुआ। अब जनता फिर से मोदी सरकार को चुनकर पूरी तरह से कांग्रेस को बेदखल करेगी। हम बिहार की 40 सीटें जीत रहे हैं।