बिहार में कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इस बीच, अब कोरोना की दस्तक मुख्यमंत्री आवास तक भी जा पहुंची है। इसे देखते हुए बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कोरोना संक्रमितों की बढ़ी संख्या पर बिहार सरकार पर निशाना साधा है।
इस बीच, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भतीजी भी कोरोना संक्रमित पाई गई है। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री की भतीजी की कोविड- 19 की जांच रिपोर्ट में कोरोना की पुष्टि होने के बाद सोमवार की शाम में उन्हें पटना एम्स में भर्ती कराया गया है। इधर, मुख्यमंत्री आवास का सैनिटाइजेशन किया गया है। सूत्रों का कहना है कि परिवार के अन्य सभी सदस्यों के भी कोरोना की जांच की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह और उनकी पत्नी के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वयं पहल करते हुए अपनी कोरोना जांच करवाई थी, हालांकि उनका रिपोर्ट निगेटिव आया था। इस बीच, बिहार में कोरोना संक्रमण पर राजद के नेता तेजस्वी यादव ने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यहां ना जांच है ना ही इलाज है।
बिहार में कोरोना संक्रमण अप्रत्याशित रूप से बढ़ चुका है। सरकार को कहीं कोई चिंता नहीं। ना जाँच की, ना इलाज की। पूरा मंत्रिमंडल, प्रशासन और सरकार चुनावी तैयारियों में व्यस्त है। सरकार आँकड़े छिपा रही है। अगर सरकार नहीं संभली तो अगस्त-सितंबर तक स्थिति और विस्फोटक हो सकती है।
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) July 7, 2020
तेजस्वी ने ट्वीट कर लिखा, “बिहार में कोरोना संक्रमण अप्रत्याशित रूप से बढ़ चुका है। सरकार को कहीं कोई चिंता नहीं। ना जांच की, ना इलाज की। पूरा मंत्रिमंडल, प्रशासन और सरकार चुनावी तैयारियों में व्यस्त है। सरकार आंकड़े छिपा रही है। अगर सरकार नहीं संभली तो अगस्त-सितंबर तक स्थिति और विस्फोटक हो सकती है।”
बता दें कि बिहार में कोरोना वायरस के कारण पिछले 24 घंटों के दौरान सात और लोगों की मौत हो जाने से इस रोग से मरने वालों की संख्या बढ़कर 97 हो गयी वहीं अब तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या सोमवार को बढकर 12,140 तक पहुंच गयी।


Download Android App
Download iOS App



