दरभंगा के मिथिलांचल वासियों को मिला एक बड़ा तोहफा, लोगों के वर्षों का सपना पूरा हुआ। दरअसल, दरभंगा एयरपोर्ट पर आज पहला विमान उतरा। दिल्ली से उड़ान भरकर रविवार को 11 बजकर 45 मिनट पर पहली उड़ान दरभंगा एयरपोर्ट पर पहुंची तो लोगों ने तालियों से उसका स्वागत किया। एयरपोर्ट पर विमान को वाटर सैल्यूट दिया गया। इसके साथ ही आज से दरभंगा से दिल्ली, बेंगलुरु और मुंबई के लिए 3 जोड़ी स्पाइस जेट की फ्लाइट शुरू हो गई है।
बता दें कि इन 3 जोड़ी फ्लाइट की बुकिंग 20 सितंबर से शुरू हो चुकी थी। 8 नवंबर को इन 6 फ्लाइटों में करीब 80 से 90 फीसदी टिकट बुक हो चुके। इन तीनों शहरों से आने वाले यात्रियों की तादाद ज्यादा है। बिहार में दीपावली व छठ की उत्सवधर्मिता की वजह से अभी यहां से जाने वाले यात्रियों की तादाद कुछ कम है। नई उड़ान सेवाओं के शुरू होने से इस बार दीपावाली व छठ में मिथिलांचल या इससे सटे जिलों के लोग आसानी से घर आ और जा सकेंगे। नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इन फ्लाइट के 8 नवंबर से शुरू होने की घोषणा 2 माह पहले पटना में की थी।
दरभंगा एयरपोर्ट पर पहली उड़ान बेंगलुरु से उड़ान भरकर 11.05 बजे दरभंगा एयरपोर्ट में लैंड करेगी। यही फ्लाइट दिल्ली के लिए 11.45 बजे दरभंगा से टेकऑफ करने के बाद दिल्ली 1:40 बजे दोपहर में पहुंचेगी। दिल्ली से 2.20 बजे रवाना होकर यह फ्लाइट दरभंगा एयरपोर्ट पर शाम चार बजे लैंड करेगी। दरभंगा से शाम 4:30 बजे बेंगलुरु को रवना होगी और 6.55 बजे लैंड करेगी। मुंबई से 12.10 बजे रवाना होकर फ्लाइट 2.30 बजे दरभंगा लैंड करेगी और तीन बजे मुंबई के लिए रवाना हो जाएगा। इसके मुंबई पहुंचने का समय शाम 6.10 बजे है।