बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा का आज नई दिल्ली में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह करीब 82 वर्ष के थे। जगन्नाथ मिश्रा पिछले काफी दिनों से बीमार थे और उनका इलाज दिल्ली में चल रहा था। आज उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरे बिहार में शोक की लहर व्याप्त है।
जगन्नाथ मिश्रा के परिवार में दो पुत्र है। उनके छोटे पुत्र नीतीश मिश्रा बिहार में मंत्री रह चुके हैं और फिलहाल वे भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उपाध्यक्ष हैं। कांग्रेस नेता के रूप में जगन्नाथ मिश्रा तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने केंद्र में भी मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी।
उन्होंने कॉलेज के प्रोफेसर के रूप में अपना करियर शुरू किया था और बाद में बिहार विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर बने थे। बचपन से ही उनकी रूचि राजनीति में थी, क्योंकि उनके बड़े भाई, ललित नारायण मिश्र राजनीति में थे और देश के रेल मंत्री थे। साथ ही बिहार यूनिवर्सिटी में उन्होंने अर्थशास्त्र के प्रोफेसर के तौर पर अपनी सेवाएं दी थीं।