कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली में कृषकों के चल रहे आंदोलन के बीच आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सरकार धान की अधिप्राप्ति काफी तेजी से कर रही है और राज्य में किसानों को कोई समस्या नहीं है। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कुमार ने गुरुवार को यहां पार्टी कार्यालय में जदयू नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद संवाददाताओं के किसान आंदोलन के बारे में पूछे जाने पर कहा, ‘‘बाहर क्या चल रहा है, वह आप सभी को मालूम है लेकिन आप देख रहे हैं कि यहां पर कितनी तेजी से सरकार द्वारा किसानों से धान की अधिप्राप्ति हो रही है।
बिहार में कोई समस्या नही है।’’ श्री कुमार ने कहा कि जदयू के साथ पश्चिम बंगाल से जुड़ कई लोग आये हुए थे लेकिन चुनाव पर आज कोई चर्चा नही हुई। उन्होंने कहा कि पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी एवं राष्ट्रीय परिषद की बैठक होने वाली है। 26 दिसंबर को बैठक है और 27 दिसंबर को उसकी विस्तृत बैठक होने वाली है। पार्टी के संविधान के तहत यह बैठक होने वाली है।
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के साथी उनसे मिलने की इच्छा रखते हैं। कोरोना के दौर में आवास पर इस तरह से मिल पाना संभव नहीं है इसलिए वह कार्यालय पर समय तय कर देते हैं। यहां पर लोग दूर-दूर तक सोशल डिस्टेंसिंग के साथ बैठ सकते हैं। ऐसी व्यवस्था यहां बनायी गयी है इसलिए वह यहीं आकर सब लोगों से मिलते हैं।
उन्होंने कहा कि मिलने वालों के मन में कोई बात रहती है, तो वह भी सुनते हैं। इस मौके पर शिक्षा मंत्री एवं जदयू के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अशोक चैधरी, सांसद रामचन्द, प्रसाद सिंह, विधान पार्षद संजय झा, पूर्व विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी सहित पार्टी के अन्य नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।