पटना, (पंजाब केसरी) : राज्यपाल फागू चौहान ने बिहार के पूर्व राज्यपाल देबानन्द कुंवर के हुए निधन पर अपनी गहरी शोक-संवेदना व्यक्त की है।राज्यपाल चौहान ने अपने शोकोद्गार में कहा है कि बिहार के पूर्व राज्यपाल स्व. देबानन्द कुंवर एक प्रखर राजनेता, प्रख्यात विधिवेत्ता, शिक्षाविद् तथा कुशल प्रशासक थे, जिनके निधन से सामाजिक-राजनीतिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।
राज्यपाल ने दिवंगत नेता की आत्मा को चिरशांति तथा उनके पारिवारिक सदस्यों को दु:ख की इस दारूण घड़ी में धैर्य-धारण की क्षमता प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। ज्ञातव्य है कि स्व. देबानन्द कुंवर बिहार में 29 जून 2009 से 21 मार्च 2013 तक राज्यपाल के रूप में कार्यरत थे। बिहार के अतिरिक्त पश्चिम बंगाल एवं त्रिपुरा राज्य के भी वे राज्यपाल रहे।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के पूर्व राज्यपाल देबानंद कुॅवर के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि देबानंद कुॅवर एक कुशल राजनेताए कुशल प्रशासक एवं शिक्षाविद् थे। उनके निधन से राजनीतिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक जगत को अपूरणीय क्षति हुयी है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों को दु:ख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ललन कुमार ने बिहार के पूर्व राज्यपाल देवानंद कुंवर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में श्री कुमार ने कहा कि श्री कुंवर बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। उनके निधन से सामाजिक एवम राजनीतिक जगत की गहरी क्षति पहुंची है।