बिहार विधानसभा चुनाव 2020 संपन्न होने के बाद देश के हर नागरिक की नजरें 10 नवंबर को आने वाले नतीजों पर टिकी हुई हैं। इस बीच महागठबंधन से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने अपने कार्यकर्ताओं को हिदायत दी है कि वह नतीजे वाले दिन संयम, सादगी और शिष्टाचार का परिचय दें।
आरजेडी ने ट्वीट करते हुए कहा है कि 10 नवंबर को चुनाव परिणाम कुछ भी हों उसे पूरे संयम, सादगी और शिष्टाचार से स्वीकारना है। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि -अनुचित आतिशबाज़ी, हर्ष फायरिंग, प्रतिद्वंदियों अथवा उनके समर्थकों के साथ अशिष्ट व्यवहार इत्यादि किसी कीमत पर स्वीकार नहीं होगा। किसी कीमत पर ये स्वीकार्य नहीं।
जानकारी के मुताबिक उम्मीदवारों तक यह संदेश पहुंचाने के लिए 4 लोगों की टीम बनाई गई है जिसमें सुनील सिंह, संजय यादव, श्याम रजक और जगदानन्द सिंह शामिल हैं। दरअसल, न्यूज़ चैनल के एग्जिट पोल में आरजेडी की अगुवाई में आरजेडी गठबंधन की सरकार और तेजस्वी की मुख्यमंत्री बनने की गणना की गई है।राजद के सभी कार्यकर्ता स्मरण रखें-
— Rashtriya Janata Dal (@RJDforIndia) November 8, 2020
10 नवम्बर को चुनाव परिणाम कुछ भी हों उसे पूरे संयम, सादगी और शिष्टाचार से स्वीकारना है।
अनुचित आतिशबाज़ी, हर्ष फायरिंग, प्रतिद्वंदियों अथवा उनके समर्थकों के साथ अशिष्ट व्यवहार इत्यादि किसी कीमत पर स्वीकार नहीं होगा।
अक्षरश: लागू होगी घोषणापत्र की हर बात
मतदान समाप्त होने के बाद महागठबंधन ने प्रचंड बहुमत से राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव के नेतृत्व में सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि घोषणा पत्र की हर बात को अक्षरश: लागू किया जाएगा।
आरजेडी सांसद मनोज झा, कांग्रेस के विधान पार्षद प्रेमचंद्र मिश्रा, भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) की पोलित ब्यूरो सदस्य कविता कृष्णन और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्य मंडल सचिव अरुण मिश्रा ने शनिवार को अंतिम चरण के मतदान के बाद संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राज्य की जनता ने बदलाव के संकल्प को हाथो हाथ लिया और अब तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन की प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनने जा रही है।
उन्होंने कहा कि नई सरकार जनता से किए गए हर एक वादे को पूरा करेगी। मनोज झा ने कहा कि 10 नवंबर को चुनाव नतीजे के बाद राज्य में सरकार ही नहीं बदलेगी सरोकार भी बदल जाएगा। उन्होंने कहा कि अब हर चुनाव में जनता हवाई मुद्दों से अलग अपनी रोजी-रोटी के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और खेती-किसानी पर वोट करेगी।