बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी JDU ने यह स्पष्ट किया कि वह UP विधानसभा चुनाव BJP के साथ मिलकर लड़ना पसंद करेगी, लेकिन ऐसा नहीं होने पर वह अपने बुते चुनावी समर में उतरने से नहीं कतराएगी।
चुनाव में हम अकेले लड़ने का विकल्प भी चुन सकते है – JDU
JDU संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने UP विधानसभा चुनाव के संबंध में अपनी पार्टी की रणनीति पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि निस्संदेह हम वहां लड़ने जा रहे हैं। बेशक हम BJP के साथ गठबंधन करना पसंद करेंगे। लेकिन, अगर ऐसा नहीं होता है, तो हम अकेले जाने का विकल्प चुन सकते हैं।’’
बिहार में सत्तारूढ़ गठबंधन में भागीदार BJP यूपी में सत्ता में है और यहां उसने पांच साल पहले विधानसभा चुनाव में शानदार जीत हासिल की थी। पार्टी ने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में भी शानदार प्रदर्शन किया था।
JDU हालांकि बिहार और राष्ट्रीय स्तर पर BJP का सहयोगी है लेकिन अन्य राज्यों में इनका गठबंधन नहीं बन पाया है। जदयू ने गुजरात में BJP के खिलाफ चुनाव लड़ा था।
JDU ने अरुणाचल प्रदेश में कुछ सफलता हासिल कर मुख्य विपक्षी दल की भूमिका में वहां आयी थी, लेकिन सत्ता में आयी BJP ने हाल ही में पूर्वोत्तर राज्य में JDU के कई विधायकों को अपने दल में शामिल कर लिया।
अगले महीने बिहार विधानसभा सीटों पर होने है उपचुनाव
अगले महीने बिहार की दो विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में JDU की संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर कुशवाहा ने कहा, ‘‘हमें किसी चुनौती का सामना नहीं करना पड़ता है। कुशेश्वर अस्थान और तारापुर दोनों ही हमारी सीटें थीं और सत्ताधारियों के दुखद निधन पर खाली हो गईं। हमारी जीत निश्चित है। हम केवल यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं कि जीत का अंतर बड़ा हो।’’