जनता दल यूनाइटेड (JDU) और विधान पार्षद तनवीर अख्तर का निधन हो गया है। कोरोना संक्रमण के चलते वह कई दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। पटना के आईजीआईएमएस में उन्होंने शनिवार को अंतिम सांस ली। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तनवीर अख्तर के निधन पर शोक जताते हुए राजकीय सम्मान के साथ उनके अंतिम संस्कार का ऐलान किया है।
नवीर अख्तर जेडीयू अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश के प्रभारी थे। तनवीर अख्तर विधानसभा कोटे से 2016 में एमएलसी बने थे और उनका कार्यकाल जुलाई 2022 तक था। कोरोना संक्रमण के चलते उन्हें पिछले महीने ही अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कई दिनों से उनका इलाज चल रहा था।
मुख्यमंत्री नीतीश ने तनवीर अख्तर के निधन पर शोक व्यक्ति करते हुए ट्वीट किया। उन्होंने कहा कि तनवीर अख्तर एक कुशल राजनेता थे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें जन्नत में आला मक़ाम अता करें।
बिहार विधान परिषद के सदस्य मोo तनवीर अख्तर जी का निधन अत्यंत दुखद है। वे एक कुशल राजनेता थे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें जन्नत में आला मक़ाम अता करें।
— Nitish Kumar (@NitishKumar) May 8, 2021
इससे पहले कोरोना वायरस बीजेपी एमएलसी हरिनारायण चौधरी की जान ले चुका है। बिहार सरकार के मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह भी कोरोना से अपनी जान गंवा चुके हैं। राज्य में बीते 24 घंटे में कोरोना के 13,466 नए मामले सामने आए हैं और 62 लोगों की मौत हुई है. राज्य में अब तक 5,67,269 संक्रमित मिल चुके हैं, जबकि 3,139 लोग जान गवा चुके हैं।