बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हम पार्टी के अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने प्रोटेम स्पीकर के रूप में आज सपथ ग्रहण की। राजभवन में राज्यपाल फागू चौहान ने उन्हें शपथ दिलाई। जीतन राम मांझी ने 23 और 24 नवंबर तक के लिए प्रोटेम स्पीकर पद की शपथ ली है। इसके बाद स्पीकर पद का चुनाव हो जाएगा और वे प्रोटेम स्पीकर पद से हट जाएंगे।
राज्यपाल ने जीतन राम मांझी को अध्यक्ष पद के कर्तव्यों का श्रद्धा पूर्वक निर्वहन करने की शपथ दिलाई। मांझी को राज्यपाल ने भारत के संविधान द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए 23 नवंबर से 24 नवंबर तक के लिए जब तक सभा अध्यक्ष का निर्वाचन नहीं हो जाता तब तक अध्यक्ष पद के कर्तव्यों का पालन करने के निमित्त नियुक्त किया है।
JDU को CM पद देने पर शिवसेना का BJP पर तंज, इस कुर्बानी का वर्णन करने के लिए स्याही कम पड़ जाए
उन्हें 17 वें विधानसभा के पहले सत्र के लिए यह जिम्मेदारी दी गई है। मांझी 1980 में पहली बार फतुहा (सु) सीट से बिहार विधानसभा के सदस्य चुने गए थे। उसके बाद वह 1985 में दोबारा फतुहा (सु) से चुनाव जीतने में कामयाब रहे। इसके बाद वह वर्ष 2005 में बाराचट्टी (सु), वर्ष 2010 में मखदुमपुर (सु), वर्ष 2015 और वर्ष 2020 में इमामगंज (सु) से चुनाव जीतकर विधानसभा में पहुंचे।