पटना : कश्मीर के कुपवाड़ा में आंतकियों से लोहा लेते शहीद हुए बिहार के बख्तियारपुर प्रखंड अंतर्गत लखनपुरा गांव के 19 वर्षीय वीर सपूत कमलेश कुमार सिंह को भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद पद्मश्री डॉ.सीपी ठाकुर ने उनके गांव जाकर पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि देकर शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दिया।
डॉ.ठाकुर ने कहा देश की सीमा पर इतने कम उम्र में शहादत देकर शहीद कमलेश ने परिवार, प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है। राष्ट्र उनकी वीरता की हमेशा मिसाल देगा।
डॉ.ठाकुर ने कहा हमारे वीर जवान देश की रक्षा व जनता की सुरक्षा के लिए सीने में गोली खाने से कभी नहीं हिचकते। देश व जनता की सुरक्षा के लिए अपनी जान की बाजी लगा देते हैं, परंतु दुश्मनों के आगे अपना सर कभी झुकने नहीं देते हैं। हंसते हंसते अपने प्राणों को न्योछावर कर देते हैं।
डॉ.ठाकुर ने दिवंगत आत्मा की शान्ति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दु:ख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। इस दौरान डॉ.ठाकुर के साथ भाजपा किसान मोर्चा के गुजरात प्रदेश प्रभारी दीपक ठाकुर भी मौजूद थे।