राष्ट्रीय जनता दल (RJD) अध्यक्ष लालू प्रसाद ने बुधवार को पटना में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में वर्चुअली तरीके से पार्टी कार्यकताओं के साथ संवाद किया। लालू ने कार्यकताओं को अपने घर में आरजेडी का झंडा लगाने और कंधे पर हरा गमछा और सिर पर हरी टोपी लगाने का निर्देश दिया। उन्हें इसे लाइसेंस बताते हुए कहा कि ऐसा करने से आरजेडी कार्यकर्ता की पहचान होगी।
वर्चुअली संवाद में उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के प्रति वफादार होने के नसीहत देते हुए अपने अंदाज में कहा कि, जो हार जाता है वो पार्टी छोड़कर भाग जाता है। जिसे टिकट नहीं मिलता वो नाराज हो जाता है। वह अपने ही पार्टी के उम्मीदवार को हराने में लग जाता है। वह सोचता है कि सामने वाला हारेगा तो फिर अगली बार हमको टिकट मिलेगा। यह ठीक नहीं है। पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को पार्टी के प्रति वफादारी निभानी चाहिए, समर्पित होना चाहिए।
लालू ने अपने स्वास्थ्य के विषय में कार्यकर्ताओं को जानकारी देते हुए कहा कि मेरे स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही पटना आएंगे और सभी जिले में जाएंगें। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं में उत्साह है और जोश है। बिहार आकर सभी कार्यकर्ताओं से मिलेंगे। उन्होंने पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं से अपने घरों पर पार्टी का झंडा लगाने की अपील की।
लालू प्रसाद ने कहा, नेता या कार्यकर्ता कहीं भी जाएं तो अपने साथ हरे रंग का गमछा रखें। वह लाइसेंस है। जिसे नहीं मालूम उसे भी पता चलेगा कि आप आरजेडी के नेता हैं। अधिकारी, पदाधिकारी भी जानेंगे कि आप आरजेडी के नेता हैं। हरा गमछा या हरे रंग की टोपी पहननी चाहिए। घर-घर पार्टी का झंडा लगाकर रखना चाहिए। लालू ने आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव की तारीफ करते हुए कहा कि तेजस्वी को सभी लोगों ने स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि अन्य पार्टी के नेता भी तेजस्वी की तारीफ कर रहे हैं।