पटना : लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) सांसद चिराग पासवान पिछले साल संपन्न हुए बिहार विधानसभा चुनाव में खुले तौर पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस को नुकसान पहुंचा चुके हैं। जदयू का कहना है कि चिराग ने तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के भी वोट काटे हैं।
अब जमुई के लोकसभा सांसद चिराग के नए ऐलान से फिर भाजपा, जदयू और राजद के साथ कांग्रेस की मुश्किल बढ़ सकती है। शुक्रवार को चिराग ने कहा है कि विधानसभा की दो सीटों तारापुर एवं कुशेश्वरस्थान पर होने वाले उपचुनाव में लोजपा भी हाथ आजमाएगी। बता दें कि बिहार विधानसभा की दो सीटों पर उपचुनाव होने हैं।
तारापुर से मेवालाल चौधरी और कुशेश्वरस्थान से शशिभूषण हजारी विजयी रहे थे। दोनों विधायकों का असमय निधन हो गया। इलेक्शन का अभी ऐलान नहीं हुआ है मगर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारी जोर-शोर से शुरू कर दी है। पहले जीत चुकी जदयू के लिए यह सीट सम्मान की लड़ाई है तो राजद और कांग्रेस ने भी उपचुनाव के लिए अपना दावा ठोक दिया है।
मैदान में चिराग पासवान की लोजपा भी दिखेगी। मीडिया से बात करते हुए चिराग ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी तारापुर एवं कुशेश्वरस्थान उपचुनाव लड़ेगी। प्रत्याशियों के चयन के लिए काम किया जा रहा है।
पार्टी और संगठन के लोग इलेक्शन लड़ने के लिए समीक्षा बैठक कर रहे हैं। लोजपा संसदीय बोर्ड की ओर से जल्द ही उपचुनाव लड़ने की औपचारिक घोषणा भी कर दी जाएगी। चिराग ने कहा कि मेरी प्रथामिकताएं अभी अलग हैं। मेरा पूरा ध्यान संगठन और पार्टी को मजबूत करने पर है। गठबंधन में कौन स्वागत कर रहा है।