बिहार कांग्रेस के बढ़ती महंगाई, आर्थिक मंदी और बेरोजगारी समेत अन्य मुद्दों को लेकर आज जन वेदना मार्च के दौरान पुलिस लाठीचार्ज में कई कार्यकर्ता घायल हो गए। कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम से जन वेदना मार्च निकाला गया। मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ प्रतिबंधित क्षेत्र हड़ताली मोड़ जैसे ही पहुंचा वहां पहले से दंडाधिकारी के नेतृत्व में मौजूद पुलिस के जवानों ने मार्च को आगे बढ़ने से रोक दिया।
इसके बाद कार्यकर्ता उग, हो गए और पुलिस एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कार्यकर्ता आगे बढ़ने की कोशिश में लगे थे तभी पुलिस की ओर से वाटर कैनन के बाद लाठीचार्ज किया गया। इस घटना में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधान पार्षद मदन मोहन झा, राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष कौकब कादरी, विधान पार्षद प्रेमचंद्र मिश्रा समेत 24 से अधिक कार्यकर्ता घायल हो गए।
घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया। कुछ देर बाद ही अति व्यस्त हड़ताली मोड़ पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही हालांकि पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसादसिंह, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष कौकब कादरी, विधायक अमिता भूषण और विधान पार्षद प्रेमचंद्र मिश्रा को हिरासत में ले लिया।
उल्लेखनीय है कि बढ़ती महंगाई, आर्थिक मंदी और बेरोजगारी समेत अन्य मुद्दों को लेकर प्रदेश कांग्रेस की ओर से आज जनवेदना मार्च का आयोजन किया गया था। इस मार्च को सफल बनाने के लिए पार्टी के बिहार मामलों के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल कल ही पटना आ गए थे।