बिहार भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की शनिवार से शुरू दो दिवसीय वर्चुअल बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि बीजेपी बिहार विधानसभा का चुनाव जदयू और लोजपा के साथ मिलकर लड़ेगी और जीतेगी। बिहार और अन्य जगहों पर विपक्ष प्रभावी नहीं रह गया है। नड्डा ने कहा कि हम नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं। विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि न तो उनके पास कोई विचार है और न ही कोई दृष्टि।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं विपक्ष पर कोई कटाक्ष करूं इसकी कोई जरूरत नहीं है। लेकिन इतना जरूर कहूंगा कि बिहार या अन्य स्थानों पर उसकी ताकत खत्म हो गई है। विपक्ष के पास न कोई ताकत है, न विचार है, न दृष्टि है और ना ही मन में कोई संकल्प है। उन्होंने कहा, ‘‘थोथी राजनीति… हल्की राजनीति…वे इससे ऊपर नहीं उठ सकते।’’
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता को भाजपा और राजग से उम्मीद है। नड्डा ने कहा, ‘‘हम यह गर्व के साथ कह सकते हैं कि हमने उनकी तकदीर और तस्वीर बदलने में योगदान किया है और आगे भी करेंगे।’’ उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया उन्हें न सिर्फ भाजपा की जीत सुनिश्चित करनी है बल्कि सहयोगी दलों के कंधों को भी मजबूती देनी होगी।उन्होंने कहा कि कोरोना के संक्रमण काल में छोटी-छोटी बैठकें और घर-घर जाकर प्रचार करना सबसे प्रभावी होने वाला है। इस दौरान सभी को अपनी सुरक्षा भी करनी है और साथ-साथ राजनीतिक मुद्दों को जनता तक पहुंचाना भी है।
उन्होंने कहा कि बिहार ने राजनीतिक और सामाजिक चेतना को बहुत ऊपर रखा है। चंपारण सत्याग्रह, नव निर्माण आंदोलन या जय प्रकाश जी को हम याद करें, तो पाएंगे कि जब सबने समझौता कर लिया, तब बिहार ने नेतृत्व दिया। उन्होंने कहा कि बिहार का रिकवरी रेट आज 73.48 प्रतिशत है। 10 करोड़ डोर टू डोर स्क्रिनिंग बिहार में की गई है। राज्य में 35 हज़ार से बढ़कर आज 1 लाख टेस्ट हो रहे हैं। इसके लिए में बिहार सरकार को बधाई देता हूं।
नड्डा ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत से देश को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया। 20 लाख करोड़ रु. का पैकेज दिया गया। 3 लाख करोड़ रु. MSME सेक्टर को जिसमें से 1 लाख करोड़ रु. से ज्यादा वितरित भी कर दिए गए हैं। कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 1 लाख करोड़ रुपये दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने वोकल फॉर लोकल की बात की है। बिहार में हमें मखाना उद्योग, मधुबनी पेंटिंग, भागलपुर के सिल्क उद्योग को आगे बढ़ाना है। मुजफ्फरपुर की लीची, मधुबनी का शहद, इन सबको हमें आत्मनिर्भर भारत के तहत आगे बढ़ाना है।