पटना ,(पंजाब केसरी): पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने बांकीपुर विधानसभा में पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर पार्टी के आगामी कार्यक्रम तथा बाँकीपुर विधानसभा में बूथ सशक्तिकरण अभियान के तहत मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री, शक्ति केंद्र प्रमुख, बी.एल.ओ-2 एवं बूथ अध्यक्षों की बैठक की गई। मंत्री नितिन नवीन ने बैठक में बूथ सशक्तिकरण के लिए बूथ कमिटी के गठन तथा मंडल की बैठक को सुनिश्चित करने पर बल दिया।इस बैठक में दीघा विधायक डॉ संजीव चौरसिया भी शामिल हुए।
बैठक में आगामी 30 जुलाई को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे पी नड्डा के पटना आगमन के लिए कार्यक्रम की तैयारियों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। आगामी 30 और 31 जुलाई को पटना में भारतीय जनता पार्टी के संयुक्त मोर्चो की राष्ट्रीय कार्यसमिति आयोजित की गई है जिसमें भाजपा के दस राष्ट्रीय महामंत्री समेत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा भी शामिल होंगे। इसके पहले 28 एवं 29 जुलाई को बिहार आये भाजपा राष्ट्रीय मोर्चो के पदाधिकारी राज्य के 200 विधान सभा क्षेत्रो में दो दिनों तक प्रवास करेंगे। इस दिशा में बांकीपुर विधानसभा में भाजयुमो की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री अर्पिता एवं दीप्ती का प्रवास होना तय हुआ है।
पथ निर्माण मंत्री ने बताया की भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा 30 जुलाई को विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने पटना आएंगे, आगमन पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के भव्य स्वागत की तैयारी की जाएगी। पटना हवाई अड्डा से श्री नड्डा का काफिला बाइक रैली के रूप में मौर्य होटल के पास जेपी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर समाप्त होगा। इस बीच 15 अलग अलग स्थानों पर तोरण द्वार के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा नगर सज्जा बैनर पोस्टर तथा पुष्पवर्षा के द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत किया जाएगा। इस पूरे आयोजन के कार्यक्रम प्रभारी भाजयुमो महानगर अध्यक्ष अभिषेक बंटी तथा राजेश श्रीवास्तव को बनाया गया है।
डॉ संजीव चौरसिया ने पदाधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा की भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष राज्य के लगभग 25 जिला कार्यालयों का उद्घाटन वर्चुअल माध्यम से करेंगें। इसके साथ ही प्रधानमंत्री के “मन की बात” कार्यक्रम भी भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश के नेताओ के साथ सुनेंगे। 31 जुलाई को सयुंक्त मोर्चो की कार्यसमिति का समापन जे पी नड्डा के समापन भाषण द्वारा किया जाएगा। गांधी मैदान स्थित बापू सभागार में सिक्किम के राज्यपाल गंगा प्रसाद द्वारा रचित पुस्तक “स्मृति साक्ष्य” मेरा जीवन – अविरल गंगा एवं अभिनंदन स्मारिका “गंगापर्ण” का लोकार्पण भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के द्वारा किया जाएगा जिसमें बिहार के राज्यपाल फागु चौहान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल, उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद,सांसद, बिहार सरकार के मंत्रियों, विधायक तथा साथ डीएवी के प्रबंधक पूनम सूरी, संध के प्रचारक अरुण जैन समेत संघ परिवार से जुड़े लोग भी शामिल होंगे।