पिछले कुछ समय से बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने के मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लगातार निशाने पर ले रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष संजय जायसवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सबसे बड़ा समाजवादी नेता बताए जाने को जहां सही ठहराया है वही उनके धुर विरोधी पूर्व सांसद अरुण कुमार ने इस पर सवाल खड़ा किया है। जायसवाल ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान पूछे जाने पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रशंसा की।
PM मोदी ने CM नीतीश को बताया सबसे बड़ा समाजवादी
प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री कुमार को सबसे बड़ा समाजवादी नेता बताया है जो पूरी तरह सही है। उन्होंने कहा कि कुमार ने समाजवाद का सबसे बड़ा उदाहरण पेश किया है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि मुख्यमंत्री कुमार एक समाजवादी नेता हैं और परिवारवाद से उन्हें कोई मतलब नहीं है। उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) से चल रहे तकरार को भी गलत करार दिया है। भाजपा और जदयू में कोई दूरी नहीं थी, आज भी दोनों दल एक हैं।
जायसवाल ने किया समर्थन और अरुण कुमार ने दिखाए तीखे तेवर
वहीं, पूर्व सांसद अरुण कुमार ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समाजवादी नहीं हो सकते क्योंकि उन्होंने अपने नेता जार्ज फर्नांडिस की पीठ में छुरा घोंपा था। सभी जानते हैं कि जार्ज फर्नांडिस ने पार्टी को आगे बढ़ने के लिए कितना काम किया। कुमार उनके साथ थे लेकिन अपनी राजनीति चमकाने के लिए उन्होंने जार्ज साहब, जो कि वास्तविक समाजवादी नेता थे, उन्हें धोखा दिया। यह बात किसी से छुपी हुई नहीं है।
कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री यदि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को असली समाजवादी बता रहे हैं, तो वह सिर्फ वर्तमान राजनीतिक विवाद पर मरहम लगाने के लिए कर रहे हैं। वर्ना, प्रधानमंत्री का दिल भी जानता होगा कि वह कैसे समाजवादी हैं कि अतिथि को सामने बैठाकर उनके सामने से पत्तल खींच ले। उन्होंने कहा कि जो अपने पूरे संस्कार और संस्कृति का नाशक हो, वह समाजवाद का पुरोधा हो जाए, ऐसे लोगों से भगवान बचाए।
CM नीतीश के शासन में सुरक्षित नहीं महिलाएं
पूर्व सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री कुमार एक ऐसे समाजवादी नेता हैं, जिनके शासन में महिलाएं पूरी तरह से असुरक्षित हैं। आए दिन बालिका गृह कांड जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। मुख्यमंत्री कुमार ने एक ऐसा कुनबा तैयार कर दिया है, जिसका काम सिर्फ बिहार को लूटना है। कुमार ने चुटकी लेते हुए कहा कि बिहार में शराबबंदी है लेकिन इसके बाद भी यहां बीस हजार करोड़ रुपए का धंधा फल फूल रहा है। यहां किसानों को धान के समर्थन मूल्य का एक हिस्सा बिचौलिए खा जा रहे हैं। सरकार के बड़े अधिकारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और यही मुख्यमंत्री कुमार का समाजवाद है। मेरा मानना है कि कुमार को भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए।
समाजवाद पर परिवारवाद और पूंजीवाद हुआ हावी
पूर्व सांसद ने कहा कि आज समाजवाद पर परिवारवाद और पूंजीवाद हावी हो चुका है। वर्तमान में शायद ही किसी पार्टी में समाजवाद जीवित है। इसका मुख्य कारण है हमारी उच्च शिक्षा व्यवस्था का गिरता स्तर। उन्होंने कहा कि कॉलेजों में समाजवाद की पढ़ाई नहीं होती है और जो शिक्षक हैं, वह कथित रूप से फर्जी प्रमाण पत्र के सहारे कुलपति बने हुए हैं। वैसे कुलपति के घरों से छापेमारी में करोड़ रुपए बरामद हो रहे हैं। ऐसे में समाजवाद की उम्मीद बेमानी है। आज वास्तविक समाज गांवों के खेत खलिहानों में काम करने वाले कुछ किसानों तक सीमित रह गया है।