प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पटना के पालीगंज में बुधवार को भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का ‘नामदार’ परिवार हो या फिर बिहार का ‘भ्रष्ट परिवार’, इनकी संपत्ति आज हजारों-करोड़ों रुपये में है। आखिर ये पैसे कहां से आया?
उन्होंने कहा, “अगर गरीबों की और देश की जरा सी भी परवाह होती, तो भ्रष्टाचार करने से पहले इनके हाथ कांपते।” पटना के पालीगंज में पाटलिपुत्र और पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र के राजग प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने महागठबंधन को ‘महामिलावटी’ बताते हुए कहा कि महामिलावटी घोर नकारात्मकता के साथ चुनाव लड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा, “इनके पास दो ही मुद्दे हैं, एक मोदी की छवि को खराब करना और दूसरा मोदी को हटाना। इन महामिलावटी लोगों को हालांकि इसका एहसास नहीं है कि मोदी आज यहां पर 120 करोड़ भारतीयों के आशीर्वाद से हैं।” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय सुरक्षा को चुनावी मुद्दा बनाने का विरोध करने को लेकर बुधवार को विपक्ष पर निशाना साधा और कहा कि केवल आक्रामक रणनीति अपनाकर ही आतंकवाद का सफाया किया जा सकता है, जैसा कि उनकी सरकार ने किया।
सत्ता में आ गए तो 21वीं सदी के भारत को अंधकार में धकेल देंगे कांग्रेस और RJD : मोदी
मोदी ने कहा, “महामिलावटी कहते हैं कि राष्ट्रीय सुरक्षा कोई मुद्दा नहीं है। ऐसा कैसे हो सकता है, जबकि आतंकवादी हमलों के कारण कितने आम लोगों की जान गई है?” प्रधानमंत्री मोदी ने बालाकोट हवाई हमलों का परोक्ष जिक्र करते हुए कहा, “हमने आतंकवादियों को जिस तरह घर में घुसकर मारा, उनका खात्मा होना ही था।”
मोदी ने पालीगंज में चुनावी रैली में कहा, “यह चुनाव के दौरान राज्य में मेरी आखिरी जनसभा है, लेकिन मैं अपने नए कार्यकाल में मेरी विकास परियोजनाओं के साथ आपके बीच वापस आऊंगा। आपका प्यार देखकर मुझे अपनी जीत का भरोसा हो गया है, लेकिन कृपया सुनिश्चित कीजिए कि आखिरी चरण में, जीत का अंतर बड़ा हो।”
प्रधानमंत्री ने सैम पित्रोदा के ‘‘हुआ तो हुआ’’ बयान को लेकर भी कांग्रेस की आलोचना की और कहा कि यह 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर विपक्षी दल के ‘‘अहंकार’’ को दर्शाता है। प्रधानमंत्री ने राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद पर निशाना साधते हुए कहा, “ये लोग अपनी जाति के दूसरे लोगों पर दबदबा बनाए रखने के लिए, जाति में जो अच्छे होनहार नौजवान थे, उन्हें भी दबंगई के रास्ते पर ले आए। नौजवानों को जाति के नाम पर भ्रमित करके, उनके कंधे पर बंदूक रखकर, इन्होंने अपने ही समाज और जाति को बंधक बना लिया।”
मोदी की विपक्ष को चुनौती- साबित करो कि मैंने कोई बेनामी संपत्ति जुटाई
प्रधानमंत्री ने लोगों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “मुझे तो जनता में ही जनार्दन दिखाई देता है, यही कारण है कि इस पद को मैं प्रसाद मानता हूं। मुझे प्रसाद की पवित्रता बनाए रखना संस्कार में मिला है। महामिलावटी लोग तो इसे भी लालची नजरों से देखते हैं।” उन्होंने कहा कि 2022 तक किसान की आय दोगुनी करने का संकल्प लिया है, अन्नदाता को सौर ऊर्जा दाता बनाने का काम हाथ में लिया है। इसके लिए बीज से बाजार तक नई व्यवस्थाएं खड़ी की जा रही हैं।
उन्होंने कहा, “बिहार के गांव-गांव की उम्मीदों को, सपनों को नई ऊंचाई देने के लिए, गरीब से गरीब तक तकनीक को हम कैसे पहुंचा रहे हैं, इसका उदाहरण है डिजिटल इंडिया अभियान। राजग सरकार की नीतियों के कारण आज दुनिया में सबसे सस्ता इंटरनेट भारत में है।”
उल्लेखनीय है कि पटना साहिब और पाटलिपुत्र सहित बिहार के आठ लोकसभा क्षेत्रों में सातवें चरण के तहत 19 मई को मतदान होना है। पटना साहिब से राजग के प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद हैं, जबकि पाटलिपुत्र में केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव प्रत्याशी हैं। प्रधानमंत्री ने मंगलवार को भी बिहार में दो चुनावी सभाओं को संबोधित किया था।


Download Android App
Download iOS App





