कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिहार के लोगों को कोरोना वायरस का टीका मुफ्त उपलब्ध कराने के भाजपा के चुनावी वादे को लेकर तंज कसते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि भारत सरकार ने कोविड के टीके तक पहुंच की रणनीति की घोषणा कर दी है और अब लोग इसे हासिल करने की जानकारी के लिए राज्यवार चुनाव कार्यक्रमों पर गौर कर सकते हैं।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘भारत सरकार ने कोरोना वायरस के टीके तक लोगों की पहुंच से जुड़ी अपनी रणनीति की घोषणा कर दी है। कृपया यह जानने के लिए राज्यवार चुनाव कार्यक्रमों का सहारा लें कि यह आपको दूसरे फर्जी वादों के पिटारे के साथ कब मिलेगा।’’

पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर दावा किया, ‘‘मोदी सरकार ने तो कोरोना की वैक्सीन नहीं ढूंढी, पर बिहार की जनता ने बिहार बचाने की ‘वैक्सीन’ ज़रूर ढूंढ ली है। जद(यू)-भाजपा भगाओ, महागठबंधन सरकार लाओ।’’

उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का ‘संकल्प पत्र’ जारी करते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बृहस्पतिवार को पटना में कहा कि कि जब तक कोरोना वायरस का टीका नहीं आता है, तब तक मास्क ही टीका है, लेकिन जैसे ही टीका आ जायेगा तो भारत में उसका उत्पादन बड़े स्तर पर किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि हमारा संकल्प है कि जब टीका तैयार हो जायेगा तब हर बिहारवासी को कोरोना वायरस का टीका मुफ्त में उपलब्ध कराया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



