मुंगेर, (पंजाब केसरी) : तारापुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए समर्थित जदयू उम्मीदवार राजीव कुमार सिंह ने मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह् सांसद राजीव रंजन सिंह ‘‘ललन’’ समेत एनडीए के सभी घटक दलों के नेता मौजूद रहे। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह् सांसद राजीव रंजन सिंह ‘‘ललन’’ ने तारापुर के दिवंगत विधायक मेवालाल चौधरी को याद करते हुए क्षेत्र के विकास में उनके योगदान की सराहना की।
तारापुर विस उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी के नामांकन के मौके पर जनसभा में जद(यू.) के मा० रा० अध्यक्ष श्री ललन सिंह जी, पार्टी के मा० संसदीय बोर्ड अध्यक्ष श्री उपेंद्र कुशवाहा जी, पार्टी के मा० विधान पार्षद श्री नीरज कुमार जी सहित एनडीए के अन्य गणमान्य नेतागण मौजूद रहे। pic.twitter.com/v7mNQcCCIR
— Janata Dal (United) (@Jduonline) October 5, 2021
उन्होंने कहा कि दिवंगत मेवालाल चौधरी ने हमेशा क्षेत्र की समस्याओं को पुरजोर तरीके से विधानसभा में उठाने का काम किया। इस मौके पर उन्होंने बिहार सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्याे की चर्चा की और कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जब से बिहार में सत्ता की बागडोर संभाली तबसे बिहार का तेज गति से विकास हो रहा है। बिजली, स्वास्थ्य, सड़क समेत हर क्षेत्र में विकास के बेहतर काम हुए।
उन्होंने राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि लालू-राबड़ी के शासनकाल में बिहार की क्या स्थिति थी हर कोई जानता है। बिहार में आतंक का राज चलता था, पति-पत्नी की सरकार में अपहरण का उद्योग चल रहा था। हर दो दिन पर किसी न किसी का अपहरण हो जाता था। लेकिन आज बिहार में विकास का उद्योग चल रहा है।
बिहार की जनता का आशीर्वाद मिलने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में कानून का राज स्थापित किया। नीतीश कुमार ने पिछले 16 सालों में बिहार में क्या किया यह लोगों को बताने की जरूरत नहीं है। 2005 के पहले राज्य में सड़कों की हालत कितनी दयनीय थी, हर कोई जानता है। पहले बिजली की क्या स्थिति थी लेकिन आज गांव-गांव जगमग है और हर घर को बिजली मिल रही है। पहले अस्पतालों में एक महीने में मात्र 39 लोगों का इलाज होता था लेकिन स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार का ही नतीजा है कि आज एक महीने में लगभग 10 हजार लोगों का इलाज हो रहा है। पहले शाम होने के बाद कोई अपने घर से नहीं निकलता था लेकिन आज लोग निर्भीक होकर कहीं भी आते जाते हैं।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार लोगों के दिल में बसते हैं। उन्होंने लोगों से नीतीश कुमार के हाथों को मजबूत करने का आह्वान किया और एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में वोट करने की अपील की। इस अवसर पर जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, मंगल पाण्डेय, सम्राट चौधरी, मंत्री अशोक चौधरी, मंत्री सुमन मांझी, चदंन सिंह, संतोष सहनी, मंत्री सुमित कुमार सिंह, मंत्री जयंत राज, मंत्री जमा खान, सांसद गिरधारी यादव, विधान पार्षद संजय सिंह, विधान पार्षद नीरज कुमार, सुदर्शन कुमार, पूर्व मंत्री शैलेश कुमार एवं पूर्व विधान पार्षद संजय प्रसाद उपस्थित थे।