बिहार : शुक्रवार को पटना के गांधी मैदान स्थित उद्योग भवन में केंद्रीय कपड़ा मंत्रालय के सचिव यू पी सिंह और बिहार के उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन के बीच बड़ी बैठक हुई। देश में कपड़ा उद्योग को बढ़ावा देने के लिए केंद्र की योजनाओं और बिहार की ड्राफ्ट टेक्सटाईल व लेदर पॉलिसी को लेकर इसमें विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में केंद्रीय कपड़ा सचिव के अलावा बिहार बीजेपी अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल, कपड़ा मंत्रालय के डेवलपमेंट कमिश्नर (हैंडीक्राफ्ट्स) और बिहार के उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव बृजेश मेहरोत्रा व विभाग के अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में केंद्रीय कपड़ा सचिव और केंद्रीय कपड़ा मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष बिहार के उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने बिहार की ड्राफ्ट टेक्सटाइल पॉलिसी को लेकर एक प्रस्तुतिकरण के जरिए पूरी जानकारी साझा की। इस अहम बैठक के बाद बिहार के उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार में कपड़ा उद्योग की स्थापना के लिए सभी संभावनाओं पर काम हो रहा है।
उन्होंने कहा कि बिहार में टेक्सटाइल उद्योग के लिए केंद्र से क्या मदद मिल सकती है, इसे लेकर केंद्रीय कपड़ा सचिव से विस्तार से बात हुई है। बिहार की नई टेक्सटाइल और लेदर पॉलिसी गेमचेंजर साबित होगी। बिहार की नई टेक्सटाइल और लेदर पॉलिसी आते ही यहां नए उद्योगों की स्थापना के लिए निवेश की बहुत बड़ी संभावनाएँ पैदा होंगी।