सीतामढ़ी : एनडीए के जदयू प्रत्याशी सुनील कुमार उर्फ पिन्टू के समर्थन में वोट मांगने पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने खचाखच भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि पाकिस्तान की तरफ से आने वाली गोली का जवाब गोले से दिया जाएगा। वोट बैंक के लिए भाजपा की सरकार देश की सुरक्षा से कभी खिलवाड़ नहीं करेगी। देश को सुरक्षित करने का काम मोदी सरकार ने किया है। शाह ने आगे यह भी कहा कि एयर स्ट्राइक के बाद दो जगह मातम था। पहला पाकिस्तान में और दूसरा कांग्रेस-राजद के दफ्तर में। राहुल गांधी और लालू-राबड़ी के चेहरे पर मायूसी छा गई थी।
वही देश में पूरब, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण सब जगह मोदी-मोदी के नारे सुनाई दे रहे हैं। ये नारे देश की जनता इसलिए लगा रही है कि 70 साल से देश जिस शासन की राह देश देख रहा था, वो शासन मोदी जी की सरकार ने दिया है। उन्होंने कहा कि मोदी जी से आज तक एक भी छुट्टी नहीं ली। दूसरी ओर गठबंधन के नेता राहुल गांधी हैं जो हर तीसरे-चौथे महीने छुट्टी लेकर चले जाते हैं और उनकी मां भी ढूंढती रह जाती है कि बेटा कहां गया। कांग्रेस की 5 पीढ़ी ने देश पर शासन किया। राहुल गांधी बताएं कि कांग्रेस ने 55 सालों में क्या किया? श्री शाह ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि जब लाल-राबड़ी का और राहुल बाबा के परिवार का शासन चलता था, तब गरीब इलाज कराने के लिए बेबस था। गरीब के पास इलाज के लिए पैसे नहीं होते थे।
आज आयुष्मान भारत योजना से देश के करीब 24 लाख लोगों का मुफ्त इलाज कराने का काम भाजपा की मोदी सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि एनडीए के शासन में बिहार को जंगलराज से मुक्ति मिली। लालू यादव के शासन में बिहार में जंगलराज चलता था। लालू-राबड़ी के राज में बिहार में गुंडागर्दी, जातिवाद, अपहरण, बलात्कार होते थे, तबादला उद्योग चलता था। बिहार को इस जंगलराज से मुक्ति नीतीश कुमार और सुशील मोदी जी की जोड़ी ने दी है।
श्री शाह ने कहा कि देश की सुरक्षा गठबंधन वालों को मजाक लगता है लेकिन मोदी सरकार जवानों के खून का बदला लेती है। महागठबंधन पर करारा हमला करते हुए शाह ने कहा कि उमर अब्दुल्ला कहते हैं कि कश्मीर में दूसरा पीएम होना चाहिए। ये चाहते हैं, कश्मीर भारत से अलग हो जाए। अगर कभी हमारी सरकार न भी रही तो भी जब तक भाजपा के एक भी कार्यकर्ता के शरीर में जान है तब तक कश्मीर को भारत से कोई अलग नहीं कर सकता।
उन्होंने कहा कि यूपीए की सरकार ने बिहार को 1 लाख 93 हजार करोड़ रुपये दिये थे। नरेंद्र मोदी जी सरकार ने बिहार के विकास के लिए 5 साल में 6 लाख 6 हजार करोड़ रुपये से भी ज्यादा की धनराशि दी है। शाह ने कहा कि वर्षों से पिछड़े वर्ग की मांग थी कि उन्हें संवैधानिक सम्मान मिलना चाहिए। लेकिन कांग्रेस, आरजेडी ने कुछ नहीं किया है। मोदी जी की सरकार ने पिछड़े वर्ग के सम्मान के लिए पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देने का का किया है।
– जेपी चौधरी