आज से राष्ट्रीय जनता दल का अधिवेशन कार्यक्रम शुरू हो गया है। जिसमें शामिल होने के लिए कई नेता दिल्ली पहुंच चुके है। लेकिन, अभी तक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह दिल्ली नहीं पहुंचे है, जिस वजह से वो कार्यक्रम में शामिल होंगे कि नहीं इसे लेकर संशय बरकरार है। अब इस मामले में तेजस्वी यादव ने भी प्रतिक्रिया दे दी है। जिसके बाद सियासत और भी गरमा गई है।
तेजस्वी यादव ने दिया बड़ा बयान
एक रिपोर्ट के अनुसार तेजस्वी यादव ने कहा, ‘ जगदानंद सिंह जी से नाराजगी जैसी कोई बात नहीं है। उन्होंने हमसे कुछ कहा भी नहीं है। बैठक में वे शामिल होंगे कि नहीं निर्णय उनको लेना है।’ अब तेजस्वी ने यह बयान देकर सब कुछ जगदानंद सिंह पर छोड़ दिया है। ज्ञात हो कि जगदानंद सिंह पार्टी के पुराने नेता है। वो लालू यादव के करीबी माने जाते है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से वो विवादों में है।
विवादों में जगदानंद सिंह
दरअसल, सबसे पहले जगदानंद सिंह ने तेजस्वी को 2023 में सीएम बनाने की बात कह दी थी। जिसके बाद खबर आई कि सीएम नीतीश जगदानंद सिंह से नाराज हो गए है। इसके बाद पार्टी की तरफ से एक आदेश जारी किया गया कि कोई भी नेता मीडिया में तेजस्वी या लालू परिवार पर कोई बयान नहीं देगा। अभी ये विवाद थमा ही था कि जगदानंद सिंह के बेटे से लालू ने इस्तीफे की मांग कर ली और सुधाकर सिंह को अपना इस्तीफा देना पड़ा।
पार्टी नेतृत्व से नाराज प्रदेश अध्यक्ष
इसी के बाद से खबरे आने लगी की जगदानंद सिंह पार्टी नेतृत्व से नाराज थे। प्रदेश अध्यक्ष ने अपने बेटे पर हुई कार्रवाई के बारे में बात करते हुए मीडिया के सामने आकर कह दिया था कि उनके बेटे ने बलिदान दिया है। जगदानंद सिंह के इस बयान के बाद खबर आई कि लालू उनसे नाराज हो गए है। लेकिन, राजद की तरफ से इसपर कोई बयान नहीं दिया गया। हालांकि, जगदानंद सिंह के इस्तीफे की खबरे लगातार आ रही है। लेकिन, तेजस्वी ने नाराजगी जैसी किसी भी बात को मानने से इंकार कर दिया है।