बिहार विधानसभा के तीसरे और अंतिम दौर के मतदान के बाद जारी अधिकतर एग्जिट पोल में राजद नेता तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले विपक्षी महागठबंधन को बढ़त दिखाई गई है। इस बीच बिहार चुनाव में महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार रहे और राजद नेता तेजस्वी यादव सोमवार को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। तेजस्वी अपना जन्मदिन अपने परिवार के लोगों के साथ मना रहे हैं।

इस मौके पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नेता उन्हें बधाई दे रहे हैं। वहीं नेताओं द्वारा उन्हें भावी मुख्यमंत्री बताते हुए पटना की सड़कों पर पोस्टर भी लगाए गए हैं। इसके अलावा तेजस्वी यादव के जन्मदिन पर उनके समर्थक पटना में उनके घर के बाहर उनके लिए मिठाई और गुलदस्ता लेकर पहुंचे। इधर, चुनाव परिणाम के पहले ही तेजस्वी को युवा, प्रथम ‘मुख्यमंत्री’ बताते हुए पोस्टर लगाकर उनको जन्मदिन की बधाई दे दी है।

पटना की सड़क के किनारे लगे एक पोस्टर में लिखा गया है, बिहार के होने वाले प्रथम युवा मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को उनके जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिहार में महागठबंधन के सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव को जन्मदिन की बधाई देते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी है। राहुल ने ट्वीट किया ‘‘तेजस्वी यादव को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य का शुभाषीश!’’
हालांकि बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने अपनी पार्टी के कार्यकर्तार्ओं से सादगी से जन्मदिन मनाने की अपील की है। वहीं राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव के जन्मदिन पर पटना की सड़कों पर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते पोस्टर लगे दिखे। गौरतलब है कि शनिवार को जारी कई एक्जिट पोल में 243 सदस्यीय विधानसभा चुनाव में राजद नीत महागठबंधन को जीत मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है ।
राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से विनम्रता के साथ चुनाव परिणाम को स्वीकार करने को कहा है। तेजस्वी यादव की प्रशंसा करते हुए सिंह ने कहा कि लालू प्रसाद जहां ‘आस्था’ का केंद्र हैं, वहीं तेजस्वी पार्टी में ‘व्यवस्था’ का केंद्र हैं।


Download Android App
Download iOS App



