झारखंड में 81 सीटों के लिए आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना हो रही है। शुरुआती चुनावी रुझानों में झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस गठबंधन को बढ़त के बीच आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने महागठबंधन के जीत का दावा किया है। तेजस्वी ने कहा है कि झारखंड में महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है और हेमंत सोरेन राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।
तेजस्वी ने यह भी दावा किया कि नतीजों में महागठबंधन क्लीन स्वीप करने जा रहा है। उन्होंने आगे कहा, बीजेपी की सरकार रहने के बावजूद झारखंड गरीब राज्य रहा। लोग बेरोजगार हैं, भ्रष्टाचार बढ़ा है इसलिए लोग परेशान हैं। हमें हर चरण में बढ़त मिल रही है। हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। गौरतलब है की झारखंड में विधानसभा की कुल 81 सीटों के लिए आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो गई।
मतों की गिनती के लिए कुल 1478 टेबल लगाए गए हैं। हटिया विधानसभा क्षेत्र के मतों की गिनती के लिए सबसे कम 14 टेबल जबकि सरायकेला सीट के लिए सबसे अधिक 26 टेबल लगाए गए हैं। पहले सर्विस वोटों की गिनती होगी और इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के वोटों की गिनती की जाएगी। दोपहर एक बजे पहला और शाम सात बजे तक अंतिम परिणाम आने की उम्मीद है।
सबसे पहले तोरपा एवं चंदनक्यारी विधानसभा सीट का वहीं सबसे बाद में चतरा सीट का परिणाम आने की संभावना है क्योंकि इन दो सीटों में सबसे कम 13-13 राउंड की गिनती होगी जबकि चतरा में सबसे अधिक 28 राउंड में गिनती पूरी की जाएगी। वोटर वैरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) से मिलान के बाद ही अंतिम नतीजे जारी किए जाएंगे। अंतिम दौर की गिनती के बाद संबद्ध विधानसभा क्षेत्रों के पांच-पांच बूथों की रेंडमली जांच की जाएगी। सही निष्कर्ष आने के बाद ही अंतिम परिणाम जारी किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास, नेता प्रतिपक्ष एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री एवं झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बागी नेता एवं पूर्व मंत्री सरयू राय, विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव, झारखंड बीजेपी के अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ, ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) सुप्रीमो एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री सुदेश महतो और समाज कल्याण मंत्री डॉ. लुईस मरांडी समेत अन्य उम्मीदवारों के भाज्ञ का फैसला आज हो जाएगा।
झारखंड में वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 37 और आजसू को पांच सीटें मिली थीं। बाद में झाविमो के छह विधायक बीजेपी में शामिल हो गए। अभी बीजेपी के पास 43 विधायक हैं। वहीं, इस चुनाव में कांग्रेस ने छह और झामुमो ने 19 सीटें जीती थीं।