पार्टी के सच्चे और समर्पित साथियों को सम्मान और स्थान जरूर दिया जाएगा : नीतीश कुमार - Latest News In Hindi, Breaking News In Hindi, ताजा ख़बरें, Daily News In Hindi

लोकसभा चुनाव 2024

पहला चरण - 19 अप्रैल

Days
Hours
Minutes
Seconds

102 सीट

दूसरा चरण - 26 अप्रैल

Days
Hours
Minutes
Seconds

89 सीट

तीसरा चरण - 7 मई

Days
Hours
Minutes
Seconds

94 सीट

चौथा चरण - 13 मई

Days
Hours
Minutes
Seconds

96 सीट

पांचवां चरण - 20 मई

Days
Hours
Minutes
Seconds

49 सीट

छठा चरण - 25 मई

Days
Hours
Minutes
Seconds

57 सीट

सातवां चरण - 1 जून

Days
Hours
Minutes
Seconds

57 सीट

दूसरा चरण - 26 अप्रैल

Days
Hours
Minutes
Seconds

89 सीट

पार्टी के सच्चे और समर्पित साथियों को सम्मान और स्थान जरूर दिया जाएगा : नीतीश कुमार

बिहार प्रदेश जदयू मुख्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में पार्टी की राज्य कार्यकारिणी एवं राज्य परिषद की दो दिवसीय बैठक संपन्न हुई।

बिहार प्रदेश जदयू मुख्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में पार्टी की राज्य कार्यकारिणी एवं राज्य परिषद की दो दिवसीय बैठक संपन्न हुई। बशिष्ठ नारायण सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्यमंत्री  नीतीश कुमार और राष्ट्रीय अध्यक्ष  आरसीपी सिंह की उपस्थिति में हुई इस बैठक में पार्टी के सभी मंत्री, सांसद, विधायक, विधानपार्षद, वरिष्ठ पदाधिकारी तथा राज्य कार्यकारिणी व राज्य परिषद के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री  नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन की मजबूती और विस्तार के लिए जरूरी है कि नई पीढ़ी को जदयू से जोड़ें और और समाज की बेहतरी के लिए उनसे संवाद करें। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान नई पीढ़ी को गुमराह किया गया।
सोशल मीडिया के माध्यम से दुष्प्रचार कर हमलोगों के खिलाफ वातावरण बनाने की कोशिश की गई। जिन लोगों को चुनाव लड़ने तक का मन नहीं था उन्हें इतनी सीटें आ गईं। ऐसे में जरूरी है कि अपना काम नीचे तक पहुंचाएं और साथ ही गलत बातों का मजबूती से जवाब भी दें। उन्होंने पार्टी को इस दिशा में काम करने का निर्देश दिया।
उन्होंने यह निर्देश भी दिया कि पार्टी मुख्यालय में एक सेल बनाएं जिसके माध्यम से अपराध या भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों का उचित समाधान किया जा सके। श्री कुमार ने कहा कि हम सबको एकजुट होकर बिहार के उत्थान के लिए काम करना है। जब हमने काम करने की जिम्मेवारी ले ली है तो उसे पूरा करके भी दिखाएंगे।
सात निश्चय-2 को हमें जमीन पर उतारना है। चुनाव से पहले हर खेत तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाने का संकल्प हमने लिया था, उसे पूरा करना है। हर जाति, हर वर्ग के लिए एक समान काम करना है और समाज में प्रेम और सद्भावना हर हाल में कायम रखना है।
उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के सच्चे और समर्पित साथियों को सम्मान और स्थान जरूर दिया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष  आरसीपी सिंह ने कहा कि हमारे नेता नीतीश कुमार का काम बिहार के जनमानस में बैठ गया है। ये हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। विपक्ष ने चुनाव में 10 लाख का हवाई वायदा किया था, जबकि हमारे नेता 20 लाख रोजगार देने पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ हमलोगों का संवाद होना चाहिए और उसमें ऐसी तमाम बातों की जानकारी नीचे तक जानी चाहिए।
हर सप्ताह होने वाली कैबिनेट की बैठक में लिए गए निर्णयों का भी प्रचार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे नेता ने हमेशा लोकशाही को मजबूत करने का काम किया है, नौकरशाही को नहीं। बशिष्ठ नारायण सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि इस दो दिवसीय बैठक से दल के साथियों की ओजस्विता, उनकी प्रतिबद्धता और आगे बढ़ने का संकल्प सामने आया है।
उन्होंने कहा कि हम नए तेवर के साथ पार्टी को खड़ा करेंगे। श्री सिंह ने कहा कि व्यक्ति यदि संकल्प ले और उसमें प्रतिभा है तो वह कुछ भी कर सकता है, कहीं भी पहुंच सकता है। हमारे नेता श्री नीतीश कुमार इस बात के उदाहरण हैं। इन्होंने विपरीत परिस्थितियों से लड़ने और बिहार को बदलने का संकल्प लिया था और उसे पूरा करके दिखाया। उनमें वैसा ही संकल्प आज भी है और आगे भी रहेगा।
बिजेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि हमारे नेता  नीतीश कुमार यह कभी नहीं बोलें कि आप मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहते। सच तो यह है कि जहां आप जाइएगा, वहीं सरकार रहेगी। अगर कोई गणितज्ञ है तो बता दे कि उनके बिना बिहार में कौन-सी सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि आपके मुख्यमंत्री नहीं रहने पर बिहार में फिर वही युग आ जाएगा जो 15 साल पहले था।  राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा कि हमारे नेता  नीतीश कुमार का कद इतना ऊँचा है कि दुनिया की कोई ताकत उसे छोटा नहीं कर सकती। पूरे चुनाव के दौरान हमारे नेता की छवि धूमिल करने की कोशिश की गई। एंटी इन्कम्बेंसी की बात की गई। अगर एंटी इन्कम्बेंसी थी तो हमारे नेता के नेतृत्व में एनडीए को बहुमत कैसे मिला।
बिहार की जनता नीतीश कुमार के साथ है। विजय चौधरी ने कहा कि दो दिनों का ये विमर्श पार्टी के लिए बहुत फलदायी और असरकारक होगा। उन्होंने कहा कि हमारे नेता ने न्याय के साथ विकास किया लेकिन चुनाव में हमारे विकास के साथ न्याय नहीं हुआ। जनता को बरगलाया गया। लेकिन सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं। प्रदेश में सबसे बड़ी पूंजी हमारे पास है और वो है हमारा नेतृत्व।
अशोक चौधरी ने कहा कि श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हमारी पार्टी फिर पुराना वैभव हासिल करेगी। देश में आज तक किसी दलित मुख्यमंत्री ने भी दलितों के लिए उतना काम नहीं किया, जितना हमारे नेता ने किया। संजय झा ने कहा कि जब बिहार के पिछले दो-तीन सौ साल का इतिहास लिखा जाएगा, उसमें श्री नीतीश कुमार का कार्यकाल स्वर्णकाल कहलाएगा।
बैठक में प्रो. रामवचन राय ने राजनीतिक प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन डॉ. नवीन कुमार आर्य ने किया। वहीं,  अनिल कुमार ने संगठन संबंधी प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन चंदन सिंह ने किया।  बैठक के दौरान  बशिष्ठ नारायण सिंह ने स्वास्थ्य संबंधी कारणों से अध्यक्ष पद छोड़ने की इच्छा जताई और महनार (वैशाली) के पूर्व विधायक  उमेश कुशवाहा को प्रदेश अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा।
उनके प्रस्ताव का मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने यह कहते हुए समर्थन किया कि  बशिष्ठ नारायण सिंह के दिशा-निर्देशन में ही श्री कुशवाहा अपना दायित्व निभाएंगे। इसके उपरान्त राज्य कार्यकारिणी एवं राज्य परिषद के सभी सदस्यों ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया।
इस अवसर पर   पूर्व विधानपार्षद  संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी के संचालन में हुई इस बैठक में लोकसभा में दल के नेता  राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, वरिष्ठ मंत्री  बिजेन्द्र प्रसाद यादव,  विजय कुमार चौधरी,  अशोक चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव संजय झा,  गुलाम रसूल बलियावी,  कमर आलम, सांसद रामनाथ ठाकुर, पूर्व विधानपार्षद प्रो. रामवचन राय, वरीय नेता  मंगनी लाल मंडल, राष्ट्रीय सचिव  रवीन्द्र सिंह, संजय वर्मा, प्रदेश महासचिव डॉ. नवीन कुमार आर्य,  अनिल कुमार,  परमहंस कुमार,  चंदन कुमार सिंह,  कामाख्या नारायण सिंह, कोषाध्यक्ष  ललन सर्राफ एवं मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप विशेष रूप से मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

2 × two =

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।