राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता मनोज झा ने रविवार को एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि नीतीश कुमार बिहार में बहुत कम बहुमत पर हैं और वह लंबे समय तक मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। बता दें कि आज मुख्यमंत्री आवास पर एनडीए के घटक दलों की अहम बैठक होने जा रही है, जिसमें बीजेपी के कद्दावर नेता और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी शामिल होंगे।
इस बीच राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के वरिष्ठ नेता मनोज झा ने कहा कि जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार के पास बहुत कम बहुमत है। उन्होंने एकबार फिर भारतीय जनता पार्टी पर चुनाव में धांधली करने का आरोप लगाया। उन्होंने नीतीश कुमार पर 2017 में महागठबंधन से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में जाने के लिए लोगों के जनादेश के साथ खिलवाड़ करने का आरोप भी लगाया।
मनोज झा ने कहा ,“यहां तक कि एनडीए और भाजपा को भी मानना चाहिए कि अगर यह बदलाव के लिए जनादेश नहीं होता तो नीतीश कुमार राज्य विधानसभा में सिर्फ 40 सीटें नहीं जीतते। आप (नीतीश कुमार) कम बहुमत पर हैं। कम बहुमत वाली सरकार लंबे समय तक नहीं चल सकती है।”
उन्होंने कहा कि आरजेडी ने पहले ही कम वोट मार्जिन के बारे में भारत के चुनाव आयोग से संपर्क किया है और आने वाले दिनों में जवाबदेही की मांग करते हुए नीतीश कुमार के खिलाफ सड़कों पर आने की चेतावनी दी है। बता दें कि नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राज्य के राज्यपाल फागू चौहान को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। मनोझ झा ने कहा, “आप (नीतीश कुमार) ने लोगों के जनादेश को दबा दिया, लेकिन अब बिहार के लोग जाग गए हैं। अब बिहार के लोग आपको नहीं बख्शेंगे। लोग अब जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सड़कों पर आएंगे।”
इसके साथ ही लोजपा पर नीतीश कुमार की टिप्पणी पर मनोज झा ने कहा कि उनके (नीतीश कुमार) पास कोई अन्य विकल्प नहीं है। 40 सीटों वाला व्यक्ति अगला मुख्यमंत्री बनना चाहता है। भाजपा के पास अब सरकार पर नियंत्रण है। आपको बता दें कि नीतीश कुमार ने भाजपा को यह तय करने के लिए छोड़ दिया था कि चिराग पासवान के नेतृत्व वाली लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) जो विधान सभा चुनावों में जेडीयू के खिलाफ चुनाव लड़ी है, वो एनडीए में रहेगी या नहीं।