बिहार : मुजफ्फरपुर में तिरहुत नहर का तटबंध टूटा, 6 गांव की आबादी प्रभावित

Summary :

प्रभावित इलाकों में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की दो टीमें मोहम्मदपुर कोठी पंचायत में उस जगह पर तैनात की गई हैं और मानक संचालन प्रक्रिया के तहत राहत कार्य चल रहा है।

बाढ़ की मार झेल रहे बिहार राज्य के हालात बेहद खराब है। राज्य के 14 जिलों की लगभग 50 लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित है। मुजफ्फरपुर जिले में रविवार तड़के तिरहुत नहर का तटबंध टूट जाने से कम से कम छह गांव जलमग्न हो गए। जानकारी के मुताबिक शनिवार की देर रात करीब 11 बजे तटबंध के रिसाव शुरू हुआ। जिसके बाद रविवार सुबह तक तटबंध पानी में बह गया।
करीब तड़के साढ़े तीन बजे मुरौल प्रखंड के पिलखी गांव के समीप तटबंध टूट गया। तटबंधन में 50-60 फुट हिस्सा पानी में बह गया। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की दो टीमें मोहम्मदपुर कोठी पंचायत में उस जगह पर तैनात की गई हैं और मानक संचालन प्रक्रिया के तहत राहत कार्य चल रहा है।
यह नहर बूढी गंडक नदी से जुड़ी है और तटबंध टूटने की वजह पानी का गहरा दबाव हो सकता है। आसपास के प्रभावित लोगों को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। तटबंध टूटने के बाद बाढ़ का पानी रिहायशी इलाके में तेजी से फैलने लगा।
मुजफ्फरपुर जिले में पिछले 24 घंटे में बाढ़ के कारण दो लोगों की जान गई है। विभाग ने बताया कि 14 जिलों की 1,043 पंचायतों में बाढ़ प्रभावित लोगों की संख्या बढ़कर 49.05 लाख हो गई है, जबकि इससे एक दिन पहले यह संख्या 45.39 थी। 

Desk Team