बिहार के सारण जिले में बीती रात एक दर्दनाक हादसा हुआ है। जिले के मशरक थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात निकाह की रस्म अदायगी कर रही महिलाओं को बेकाबू ट्रक ने रौंद दिया। हादसे की चपेट में आईं आठ से ज्यादा महिलाओं में से 4 की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने हंगामा करते हुए सड़क जाम कर दिया।
पुलिस के मुताबिक , मशरक-मलमलिया मुख्य पथ के दुमदुमा में शुक्रवार को देर रात निकाह की रस्म अदायगी के लिए घर और गांव के पुरुष सदस्य निकल गए थे, जबकि महिलाएं अन्य रस्म अदायगी में व्यस्त थी। इसी दौरान एक तेज गति से अनियंत्रित ट्रक कई महिलाओं को कुचलते हुए निकल गया।
शर्मनाक : रेप का विरोध किया तो भरी पंचायत में महिला का चीरहरण, दबंगों ने गर्म रॉड से की पिटाई
मशरक के थाना प्रभारी राजेश कुमार ने शनिवार को बताया कि इस घटना में 4 महिलाओं की मौत हो गई जबकि 5 महिलाएं घायल हो गई। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर ही तीन महिलाओं की मौत हो गई थी, जबकि एक की मौत इलाज के दौरान हो गई।
उन्होंने बताया कि घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। घटना के बाद लोग आक्रोशित होकर सड़क जाम कर दिए, लेकिन बाद में समझा बुझाकर उन्हें हटा दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी शवों को पुलिस ने अपने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दी है तथा ट्रक के पता लगाने की कोशिश की जा रही है।