बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान को लेकर अब बड़ी चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। हाल ही में एक्टर के साथ एक ऐसी घटना हुई जिसके बाद अब उनकी सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। खबर सुनकर किंग खान के फैंस भी टेंशन में आ जाएंगे। बात ही कुछ ऐसी है दरअसल, अब शाहरुख खान की सुरक्षा में बड़ी चूक हुई है। एक्टर के घर मन्नत में रात के अंधेरे का फायदा उठाकर 2 अजनबी शख्स घुस आए।
आपको बता दें, ये मामला गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे का बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक दो शख्स सुरक्षा गार्ड्स को चकमा देकर दीवार फांदकर मन्नत के अंदर घुस गए। इतना ही नहीं ये दोनों शख्स शाहरुख के घर की तीसरी मंजिल तक पहुंच गए। लेकिन जैसे ही सिक्योरिटी गार्ड्स की नजर उन पर पड़ी, उन्हें पकड़कर मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया गया।
अब पकड़े गए इन दोनों लड़को की उम्र 21 से 25 साल के बीच बताई जा रही है। वहीं, बांद्रा पुलिस स्टेशन में इस मामले को लेकर केस दर्ज कराया गया है। पुलिस ने कहा है कि बंगले में बिना इजाजत के एंट्री करने समेत IPC की बाकी धाराओं के तहत इस मामले में आगे की जांच की जा रही है।
आपको बता दें, जिस समय ये दोनों शख्स शाहरुख के घर में घुसे, उस समय एक्टर घर पर मौजूद नहीं थे। इतना ही नहीं पुलिस को पूछताछ में इनके इरादे का भी पता चला है कि आखिर इन्होंने ऐसा क्यों किया? खबरों की मानें तो दोनों शख्स गुजरात के रहने वाले हैं और शाहरुख खान के फैन हैं। वे शाहरुख से मिलने के लिए गुजरात से मुंबई आए थे।
बात अगर शाहरुख खान के वर्कफ्रंट की करें तो इन दिनों एक्टर फिल्म ‘पठान’ को लेकर सुर्खियों में हैं। इसके अलावा शाहरुख जल्द ही फिल्म ‘डंकी’ और ‘जवान’ में नज़र आने वाले हैं। वहीं, बताया जा रहा है जिस वक्त शाहरुख खान के घर 2 अजनबियों ने एंट्री की उस वक्त वो अपनी फिल्म ‘जवान’ की शूटिंग में बिजी थे।