1 अप्रैल 2016 में टीवी इंडस्ट्री से एक बेहद चौंका देने वाली खबर सामने आई थी। बालिका वधू की बड़ी आनंदी यानी एक्ट्रेस प्रत्युषा बनर्जी ने उस दिन फांसी लगाकर अपनी जान ले ली थी। इस खबर ने लाखों-करोड़ो फैंस को तोड़कर रख दिया था। किसी के लिए भी इसपर विश्वास कर पाना मुश्किल था कि हमेशा हस्ती दिखने वाली और इतनी कम उम्र में फेम और कामयाबी हासिल करने वाली प्रत्युषा बनर्जी ऐसा कदम कैसे उठा सकती हैं।
हालांकि, प्रत्युषा के आत्महत्या करने के बाद उनके बॉयफ्रेंड राहुल राज सिंह को उनकी मौत का जिम्मेदार ठहराया गया। प्रत्युषा के माता-पिता ने राहुल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी जिसके बाद राहुल को कुछ समय तक जेल में रहना पड़ा था। लेकिन अब 7 साल बाद राहुल ने प्रत्युषा के सुसाइड वाले दिन को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है।
राहुल राज सिंह ने मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में खुलासा किया कि उनका प्रत्युषा के सुसाइड से कोई लेना-देना नहीं है। इतना ही नहीं सुसाइड से एक रात पहले दोनों पार्टी कर रहे थे। राहुल ने तो ये मानने तक से इंकार कर दिया कि एक्ट्रेस ने आत्महत्या की थी। राहुल राज ने कहा, “मैं मानता ही नहीं हूं कि उन्होंने सुसाइड किया था। दरअसल, उस दिन प्रत्युषा मुझे डराने के लिए फांसी लगाने वाला वीडियो बना रही थी। वो अक्सर ऐसा करती रहती थी। उसी दौरान उसका पैर फिसला होगा या वो डिसबैलेंस हुई होगी, जिसकी वजह से ये घटना हुई।”
वहीं, राहुल पर ये आरोप लगे थे कि उन्होंने एक्ट्रेस को उनके माता-पिता के खिलाफ भड़काया, उनकी प्रॉपर्टी पर कब्जा किया और राहुल के कई अफेयर थे। इस पर एक्टर ने कहा, ‘मैंने उसे कभी परिवार के खिलाफ नहीं भड़काया, बल्कि वो खुद अपने माता-पिता के कर्ज से परेशान हो चुकी थी। प्रत्युषा के पैसे आते और वो लोन चुकाने पर चले जाते थे। वो खीझ जाती थी, उल्टा मैं उसे समझाता कि कोई नहीं, हम ठीक कर लेंगे। दूसरी अफेयर वाली बात, चलो अगर मेरा अफेयर ही था कि तो प्रत्युषा मुझे छोड़कर जा सकती थी न।”
“प्रॉपर्टी कब्जा करने वाली बात, उसकी प्रॉपर्टी है कहां जिसपर कब्जा किया जाए। बल्कि पावर कपल में हमें जो 12 लाख मिले थे, मैंने उसे उनमें से नौ लाख रखने को कहा था ताकि वो अपने मां-बाप के लोन को चुका सके।” राहुल ने बताया कि अक्सर उनकी प्रत्युषा की मां से बात होती रहती थी। हालांकि, डेथ के बाद वे बदल गए और उल्टा उन पर ही आरोप लगा बैठे। राहुल ने इसके बाद काम्या पंजाबी समेत कई सेलेब्स पर प्रत्युषा के माता-पिता को भड़काने का आरोप भी लगाया। राहुल ने ये भी कहा कि वो प्रत्युषा के माता-पिता से मिलना चाहते हैं और हुआ तो वो उनकी मदद भी करेंगे।