गुरूवार सुबह 8 बजकर 45 मिनट पर बॉलीवुड के सदाबहार अभिनेता ऋषि कपूर ने मुंबई के सर एच.एन. रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में अंतिम सांस ली। 2 साल तक कैंसर से लड़ाई लड़ने के बाद जिंदगी की जंग हारने वाले ऋषि कपूर के निधन पर उनका हर फैन गमगीन है पर लॉकडाउन की वजह से उनके अंतिम दर्शन का भी मौका नहीं मिला। मुंबई के मरीन लाइंस के चंदनवाड़ी श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया है।
ऋषि कपूर के अंतिम संस्कार में चुनिन्दा लोगों को शामिल होने की अनुमति दी गयी थी। ऋषि कपूर का अंतिम संस्कार विद्युत शवदाह गृह में किया गया। पुलिस की गाइड लाइन्स का पालन करते हुए उनके अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया महज आधे घंटे में पूरी कर दी गयी। दोपहर 3.45 बजे उनका पार्थिव शरीर श्मशान घाट पहुंचा था।
ऋषि कपूर के बेटे और अभिनेता रणबीर कपूर की अर्जी पर मुंबई पुलिस ने केवल 20 लोगों को अंतिम संस्कार में रहने की परमिशन दी थी। अंतिम संस्कार में नीतू कपूर, रीमा जैन, मनोज जैन, अरमान जैन, आदर जैन, अनीषा जैन, राजीव कपूर, रणधीर कपूर, सैफ अली खान, करीना कपूर खान, बिमल पारिख, नताशा नंदन, अभिषेक बच्चन, डॉक्टर तरंग, आलिया भट्ट, अयान मुखर्जी, जय राम, रोहित धवन, राहुल रवैल शामिल थे।
बता दें, ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर उनके अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाई। रिद्धिमा दिल्ली में रहती है और लॉक डाउन के बावजूद उन्हें मूवमेंट पास भी जरी कर दिया गया था पर सड़क के रास्ते उन्हें मुंबई पहुंचने के लिए उन्हें करीब 1400 किलोमीटर का सफ़र तय करना है। अस्पताल प्रशासन और मुंबई पुलिस ने अंतिम संस्कार के लिए कल तक वक्त नहीं दिया। इसी वजह से ऋषि कपूर का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए अस्पताल से सीधे शमशान घाट ले जाया गया।