फिल्म ‘मैने प्यार किया’ फेम एक्ट्रेस भाग्यश्री के पति सट्टेबाजी गिरोह चलाने के आरोप में गिरफ्तार

Summary :

अंबोली पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा कि अभिनेता से फिल्म निर्माता बने हिमालय दसानी को मंगलवार को उसके घर से गिरफ्तार किया गया।

फिल्म ‘मैने प्यार किया’ से शोहरत पाने वाली अभिनेत्री भाग्यश्री के पति को उपनगरीय जोगेश्वरी में एक सट्टेबाजी गिरोह में कथित भूमिका के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। 
अंबोली पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा कि अभिनेता से फिल्म निर्माता बने हिमालय दसानी को मंगलवार को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। 
पुलिस के अधिकारी ने मीडिया से कहा कि दसानी को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया जहां से उसे जमानत मिल गई। मामले में आगे की कार्यवाही और जांच जारी है। 
अधिकारी ने कहा, “अंबोली पुलिस ने हाल में सट्टेबाजी से जुड़े एक गिरोह का पर्दाफाश किया था जिसमें दसानी की भूमिका सामने आई थी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में दसानी का नाम उभरा था।” 
दसानी ने 1992 में फिल्म ‘‘पायल’’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। अब वह निर्माता और कारोबारी है। फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ के हिट होने के तुरंत बाद ही भाग्यश्री ने 1990 में हिमालय दासानी से शादी कर ली थी। इसके बाद उन्होंने बॉलिवुड को अलविदा कह दिया था। 
बताया जाता है कि हिमालय दासानी का कंस्ट्रक्शन का बिजनस है। भाग्यश्री और हिमालय दासानी के दो बच्चे हैं जिनका नाम अभिमन्यु दासानी और अवंतिका दासानी है। 

Ujjwal Jain