जय-वीरु, करण-अर्जुन, राम-लखन जैसी कुछ मशहूर जोड़ियों बॉलीवुड में काफी मशहूर हैं। इन सुपरहिट जोड़ियों को बिग स्क्रीन पर देखने के लिए फैंस भी काफी बेताब रहते हैं। ये सभी जोड़िया जब भी स्क्रीन पर साथ नजर आई तब-तब फैंस ने इन्हें पसंद किया है। ये सभी अपने दौर की सुपरहिट जोड़ियां रही हैं। इन तीनों जोड़ियों में से राम-लखन यानि अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ की जोड़ी बी-टाउन की सुपरहिट जोड़ी रही है।
अनिल और जैकी ने साथ में 12 फिल्मों में काम किया है और इनकी जोड़ी को दर्शकों ने खूब प्यार दिया था। वहीं असल जिंदगी में भी ये दोनों काफी अच्छे दोस्त हैं और अब इन दोनों के फैंस के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी सामने आ रही हैं। जिसे सुनकर फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रहेगा। खबर है कि ये अनिल और जैकी की जोड़ी एक बार फिर बिग स्क्रीन पर धमाल मचाने के लिए तैयार है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ जल्द ही एक फिल्म में साथ नजर आने वाले हैं। इस फिल्म को इंडस्ट्री के दो मशहूर डायरेक्टर सुभाष घई और अनीस बज्मी साथ मिलकर बना रहे हैं। सुभाष और अनीस ने अपनी अपकमिंग फिल्म का टाइटल चोर-पुलिस रखा है। कहा जा रहा है कि .ये फिल्म चोर और पुलिस की कहानी पर बेस्ड होगी।
सामने आई जानकारी के अनुसार, एक्शन के साथ-साथ इस फिल्म में कॉमेडी का जबरदस्त डोज भी मिलने वाला है। इस फिल्म के लिए अनिल कपूर डायरेक्टर अनीस बज्मी की पहली पसंद थे, वहीं जैकी का नाम सुभाष ने सजेस्ट किया था। अनिल और जैकी दोनों को फिल्म की कहानी सुनाई गई है और उन दोनों को ही स्क्रिप्ट काफी पसंद आई है और उन्होंने फिल्म में काम करने के लिए हामी भी भर दी है। फिल्म में इन दोनों के अलावा बाकि स्टार्स को भी जल्द ही कास्ट किया जाएगा।
बता दें कि अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ पिछली बार साल 2013 में आई फिल्म ‘शूटआउट एट वडाला’ में साथ नजर आए थे। ऐसे में इतने सालों के बाद एक बार फिर दोनों को साथ देखना इनके फैंस के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं होने वाला है। अनिल और जैकी की जोड़ी को ‘परिंदा’, ‘कर्मा’, ‘राम लखन’ और ‘लज्जा’ जैसी फिल्मों में काफी पसंद किया था।