बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा और उनके पति, क्रिकेटर विराट कोहली ने इसी साल अपनी बेटी का इस दुनिया में स्वागत किया। एक्ट्रेस ने इसी साल फरवरी में बेटी वामिका को जन्म दिया था। अब एक्ट्रेस ने अच्छे कारण के लिए अपनी मैटरनिटी के दौरान पहने कपड़ों को नीलाम करने का फैसला लिया है।
रिपोर्ट के मुताबिक अनुष्का शर्मा ने ये कदम सर्कुल फैशन को बढ़ावा देने के लिए उठाया है। सर्कुलर फैशन में कपड़ों को एक तय मॉडल के अनुसार बनाया जाता है। कपड़े इस तरह से बनाए जाते हैं कि उसे लगातार इस्तेमाल किया जा सके। इससे सही तरह से पर्यावरण को वापस लौटाया जा सके। सर्कुलर कपड़ों को बनाते समय इस बात का ध्यान रखा जाता है कि पर्यावरण को नुकसान न पहुंचे। इसके अलावा ये ज्यादा से ज्यादा लोगों के काम आए।
अनुष्का शर्मा अपने मैटरनिटी कपड़ों को बेचने से मिलने वाले मुनाफे को मातृ स्वास्थ्य की देखरेख के काम में लगाएंगी। अनुष्का ये पैसे एनजीओ स्नेह फाउंडेशन को दान में देंगी। आपको बता दें कि विराट कोहली और अनुष्का शर्मा पर्यावरण संरक्षण के जागरुकता के लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हैं। अनुष्का ने कहा, ‘सर्कुलर फैशन सिस्टम को बढ़ावा देकर मैं समाज में पॉजीटिव बदलाव ला सकती हूं।’
अनुष्का शर्मा आगे कहती हैं, ‘यदि सिर्फ 1 फीसदी प्रेग्नेंट महिलाएं ने मैटरनिटी के नए कपड़े खरीदने की बजाय पुराने कपड़ों का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया तो हम इतना पानी बचा सकते हैं जितना एक व्यक्ति 200 साल में पीता है।’ अनुष्का शर्मा इन दिनों इंग्लैंड में अपने पति विराट कोहली के साथ हैं। इस दौरान उनकी बेटी वमिका भी उनके साथ हैं। अनुष्का शर्मा ने वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप का मैच अपनी बालकनी से देखा है।