बॉलीवुड और क्रिकेट जगत के फेवरेट कपल्स में से एक अनुष्का शर्मा और विराट कोहली है। इस कपल की लव स्टोरी को फैंस बहुत ज्यादा पसंद करते हैं। खैर, भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली आज अपना 33वां जन्मदिन मना रहे हैं। बर्थडे के खास मौके पर अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने पति विराट कोहली को अनोखे अंदाज में विश किया है। अनुष्का ने विराट के लिए सोशल मीडिया पर एक स्पेशल पोस्ट शेयर की है।
अनुष्का ने शेयर किया पोस्ट…
पति विराट कोहली के जन्मदिन पर अनुष्का ने अपनी और विराट की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर पोस्ट की है। यही नहीं एक्ट्रेस ने दुबई से पति को बर्थडे विश करते हुे एक लंबा-चौड़ा मैसेज लिखा है। दरअसल अपने इस पोस्ट के जरिये अनुष्का ने कहा, वह दुनिया को बताना चाहती हैं कि विराट कितने अद्भुत शख्स हैं।
अनुष्का शर्मा ने अपनी और विराट की इस तस्वीर को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया है। इस तस्वीर के कैप्शन में एक्ट्रेस ने लिखा, इस फोटो और जिस तरह से आप अपना जीवन जीते हैं, उसके लिए किसी फिल्टर की जरूरत नहीं है। आप मूल रूप से ईमानदारी और स्टील जैसी हिम्मत से बने हैं।
एक्ट्रेस ने आगे लिखा, साहस जो संदेह को विस्मृति में बदल देता है। मैं ऐसे किसी को नहीं जानती, जो आपकी तरह खुद को अंधेरी जगह से उठा सकता है। आप हर तरह से बेहतर होते जाते हैं, क्योंकि आप अपने अंदर किसी भी चीज को स्थायी नहीं मानते और निडर होते हैं। मुझे पता है कि हम दोनों ही सोशल मीडिया के जरिए इस तरह से एक-दूसरे से बात करने वाले नहीं हैं, लेकिन कभी-कभी मैं सिर्फ चीखना चाहती हूं और दुनिया को बताना चाहती हूं कि आप कितने अद्भुत व्यक्ति हैं।
आखिर में अपनी इस पोस्ट में अनुष्का ने लिखा, भाग्यशाली हैं, वे जो वास्तव में आपको जानते हैं। सब कुछ उज्जवल और अधिक सुंदर बनाने के लिए धन्यवाद। ओह, और हैप्पी बर्थडे क्यूटनेस!
अनुष्का की तरफ से पति के जन्मदिन पर तारीफ करते हुए लिखी गई इस पोस्ट पर फैंस जमकर प्यार लुटा रहे हैं। यूजर्स विराट और अनुष्का की इस तस्वीर को देख खूब तारीफ कर रहे हैं और इसके साथ अपने पसंदीदा क्रिकेटर को जन्मदिन भी विश कर रहे हैं। गौरतलब है अनुष्का और विराट ने दिसंबर 2017 में इटली के टस्कनी में सात फेरे लिए थे, उनकी एक बेटी है जिसका नाम वामिका है।