टीवी का पॉपुलर रियलिटी शो ‘बिग बॉस 14’ गुजरते दिन के साथ और भी मजेदार होता जा रहा है। आए दिन कंटेस्टेंट्स के बीच लड़ाई-झगड़े और दोस्ती देखने को मिल रही है। बीते एपिसोड में अर्शी खान और देवोलीना भट्टाचार्जी का जबरदस्त झगड़ा हुआ था। इस दौरान देवोलीना ने घर की कई चीजें भी तोड़ दी थीं। लेकिन इस बीच अर्शी खान के फैंस के लिए एक बुरी खबर आ रही है। इस हफ्ते वह घर से बेघर हो जाएंगी।
फैंस अर्शी खान के जाने से बहुत निराश हो गए हैं। किसी को भी इस बात का यकीन नहीं हो रहा है कि इस वीकेंड के वार के बाद अर्शी खान ‘बिग बॉस 14’ के घर में नहीं नजर आएंगी। ऐसे में फैंस ‘बिग बॉस 14’ के मेकर्स की लताड़ लगा रहे हैं। फैंस का मानना है कि मेकर्स ने जानबूझकर अर्शी खान को शो से बाहर का रास्ता दिखाया है।
फैंस चाहते हैं कि अर्शी खान को ‘बिग बॉस 14’ के घर में एक और मौका मिलना चाहिए। बिग बॉस ने विकास गुप्ता, कविता कौशिक, निक्की तम्बोली और राहुल वैद्य जैसे सितारों को भी एक मौका दिया है। फैंस लगातार अर्शी खान के बारे में ही बात कर रहे हैं। यही वजह है जो बीते कुछ समय से सोशल मीडिया पर ब्रिंग बैक अर्शी खान ट्रेंड कर रहा है।
एक फैन ने अर्शी खान की तारीफ करते हुए लिखा, ‘अभिनव शुक्ला इस गेम में क्या कर रहा है। अभिनव शुक्ला को शो से बाहर करने की बजाए मेकर्स ने अर्शी को आउट कर दिया। अब मेरा बिग बॉस से भरोसा उठ चुका है।’ वहीं एक यूजर ने लिखा, ‘अर्शी खान आवाम की आवाज है। अर्शी खान के फैंस उसका साथ नहीं छोड़ सकते। अर्शी खान को गेम में वापस लेकर आओ।’
अर्शी खान ने चैलेंजर के तौर पर ‘बिग बॉस 14’ के घर में एंट्री की थी। अर्शी खान ने आते ही ‘बिग बॉस 14’ के घर में हंगामा मचा दिया था। अर्शी खान ने ‘बिग बॉस 14’ के घर में आते ही सबसे पहले विकास गुप्ता की पोल सबके सामने खोल दी थी। जिसके बाद अर्शी खान को सलमान खान के गुस्से का सामना करना पड़ा था। इसके अलावा अर्शी खान राहुल वैद्य, अली गोनी, सोनाली फोगाट, राखी सावंत जैसे सितारों से भी पंगा ले चुकी हैं। हाल ही में अर्शी खान ने देवोलीना भट्टाचार्जी पर हमला बोला था।