टीवी एक्ट्रेस और एक्स बिग बॉस कंटेस्टेंट सृष्टि रोड़े के फैंस के लिए एक बुरी खबर सामने आ रही है। हाल ही में एक्ट्रेस ने एक वीडियो शेयर कर अपने चाहने वालों को चौंका दिया है। बिग बॉस 12 फेम एक्ट्रेस ने अस्पताल से अपना एक वीडियो शेयर किया है। सृष्टि ने अपने फैंस को बताया कि उन्होंने सर्जरी करवाई है और वो अस्पताल में हैं।
हाल ही में टीवी एक्ट्रेस ने एक छोटा सा वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। इस वीडियो में एक्ट्रेस हॉस्पिटल में बेड पर लेटी हुई दिखाई दे रही हैं। इस दौरान उन्होंने फेस मास्क भी लगाया हुआ है। इस वीडियो के साथ उन्होंने फैंस के लिए एक नोट भी लिखा है।
सृष्टि ने खुलासा किया कि उनकी सर्जरी हुए 5 दिन हो चुके हैं। सृष्टि ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, 'सर्जरी के लिए जाने से ठीक पहले। 5 दिन हो गए, अभी भी अस्पताल में हूं लेकिन ठीक हो रही हूं। आपकी शुभकामनाओं के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद'। वीडियो में एक्ट्रेस को अस्पताल का गाउन पहने देखा जा सकता है। अस्पताल के बिस्तर पर लेटे हुई एक्ट्रेस ने फेस मास्क पहन रखा है। इस वीडियो में सृष्टि को मुस्कुराते हुए भी देखा जा सकता है।
हालांकि सृष्टि ने अपने पोस्ट में ये साफ नहीं किया है कि उनकी किस कारण से सर्जरी हुई है। वहीं, एक्ट्रेस के फैंस अब उनके जल्द से जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं। सृष्टि रोड़े सलमान खान के शो बिग बॉस सीजन 12 में प्रतियोगी के रूप में हिस्सा लेकर चर्चा में आ गई थी। लेकिन शो खत्म होने के बाद भी वो अपने अफेयर की वजह से सुर्खियों में बनी हुई हैं। शो के दौरान रोहित सुचांती से उनकी काफी अच्छी दोस्ती हो गई थी और इस बात की अफवाह भी आने लगी थी कि दोनों एक दूसरे को पंसद करते हैं लेकिन सृष्टि पहले से ही टीवी अभिनेता मनीष नागदेव के साथ रिलेशन में थी। जिसकी वजह से ये बातें अफवाह साबित हुईं।