अभिनेता अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार, विकी कौशल और सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर समेत जानी मानी फिल्मी हस्तियों ने 1999 के करगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।

हर साल 26 जुलाई को ‘करगिल विजय दिवस’ के रूप में मनाया जाता है और इस साल करगिल युद्ध के 20 साल पूरे हुए हैं। ‘ऑपरेशन विजय’ के तहत भारत ने इस युद्ध में पाकिस्तान पर जीत दर्ज की थी।

अमिताभ बच्चन ने ट्विटर पर कहा कि देश की रक्षा में अपना जीवन न्यौछावर करने वाले सैनिकों को भारत सलाम करता है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘देश एवं देशवासियों की रक्षा के लिये जंग में आपके बलिदान को हम आपको सलाम करते हैं…।’’

लता मंगेशकर ने लिखा, ‘‘आज करगिल विजय दिवस है। मैं हमारे वीर जवानों को कोटि कोटि नमन करती हूं और वीरगति को प्राप्त हुए उन सभी भारत माता के समूतों को आदरांजलि अर्पण करती हूं।’’

अक्षय ने कहा कि उन्होंने शिव अरूर और राहुल सिंह की किताब ‘इंडियाज मोस्ट फियरलेस 2 : मोर मिलिट्री स्टोरीज ऑफ अनइमैजिनेबल करेज एंड सैक्रिफाइस’ को पढ़ना शुरू किया है जिसमें 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक की कहानी है। अक्षय ने कहा, हम अपने उन सैनिकों को कभी नहीं भुला सकते जिनके साहस और बलिदान की बदौलत हर दिन हम शांति से जी पा रहे हैं।’’

संजय दत्त ने कहा, ‘‘मैं अपने बहादुर जवानों को सलाम करता हूं जिन्होंने देश की सम्प्रभुता के लिये वीरतापूर्वक करगिल युद्ध लड़ा! आपके बलिदान को हमेशा याद किया जायेगा। जय हिंद, करगिल विजय दिवस।’’

हाल में युद्ध की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म ‘उरी : द सर्जिकल स्ट्राइक’ में अभिनय कर चुके विकी ने भी देश के ‘‘असल नायकों’’ को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पोस्ट किया, ‘‘देश के लिये लड़ते हुए अपना जीवन बलिदान करने वाले वास्तविक नायकों के साहस और बलिदान को सलाम। जय हिंद। करगिल विजय दिवस।’’

अभिनेता आयुष्मान खुराना ने लिखा, ‘‘करगिल युद्ध के शहीदों को मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि और आज करगिल विजय दिवस के अवसर पर उनके अदम्य साहस एवं पराक्रम को सलाम।’’

अनुष्का शर्मा ने लिखा, ‘‘ देश के लिये अपना जीवन कुर्बान करने वाले सभी नायकों को सलाम, श्रद्धांजलि और दिल से आभार। उनके बलिदान और पराक्रम को कभी नहीं भुलाया जा सकता है।’’

तापसी पन्नू ने कहा कि जब वह छोटी थीं तब से वह करगिल युद्ध के दौरान हर दिन समाचार देखा करती थीं।

अर्जुन कपूर ने कहा कि ‘‘शहीदों के बलिदान और पराक्रम का शुक्रिया अदा करने के लिये कोई शब्द नहीं है, जो उन्होंने हमारे लिये किया।’’ फरहान अख्तर और सनी देओल ने शहीदों को याद करते हुए ट्वीट किया।


Download Android App
Download iOS App



