अरुण जेटली के निधन पर दुख में डूबा बॉलीवुड, अमिताभ से लेकर लता जी ने ट्विटर पर जताया शोक

Summary :

पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण जेटली के असामायिक निधन से बॉलीवुड में भी शोक की लहर दौड़ गयी है और स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर सहित बॉलीवुड की तमाम हस्तियों ने अपने प्रिय नेता के देहावसान पर दुख व्यक्त किया है।

पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण जेटली के असामायिक निधन से बॉलीवुड में भी शोक की लहर दौड़ गयी है और स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर सहित बॉलीवुड की तमाम हस्तियों ने अपने प्रिय नेता के देहावसान पर दुख व्यक्त किया है। 

महान गायिका लता मंगेशकर ने श्री अरुण जेटली के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए अपने ट्वीट में कहा, ‘‘अरुण जेटली जी के निधन की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं। एक प्रभावी, संपूर्ण नेता और हमारे पूर्व वित्त मंत्री, बहुत विनम, थे, वह अक्सर मिलने आया करते थे और हम बहुत देर तक बातें करते रहते थे। उनकी यादें हमेशा साथ रहेंगी। दिल से उनके परिवार के लिए संवेदनाएं।’’

अमिताभ बच्चन ने अरुण जेटली के निधन पर दुःख व्यक्त करते हुए उनके साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “एक मिलनसार आत्मा .. विचारशील और खुशमिज़ाज़ दोस्त .. प्रार्थना और संवेदना ..।”
 गायिका आशा भोसले ने ट्वीट में लिखा कि श्री अरुण जेटली के निधन की खबर सुनकर बहुत दुखी हूं, मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। 

अभिनेता अनिल कपूर ने श्री जेटली की फोटो के साथ अपनी पहली मुलाकात की यादें साझा करते हुए लिखा,‘‘करीब 20 वर्ष पहले हमारी पहली मुलाकात हुई थी। तब से अब तक वह आदर्श की तरह रहे। उनका जाना देश के लिए अपूरणीय क्षति है। वह बहुत याद आएंगे, परिवार के प्रति संवेदनाएं।’’ 
कपिल शर्मा ने लिखा कि श्री अरुण जेटली के निधन की खबर से दुखी हूं। वह एक महान और तेजस्वी नेता थे। वह हमेशा याद आएंगे। भगवान आपकी आत्मा को शांति दे। 
बॉलीवुड अभिनेता ऋषि कपूर ने भी ट्वीट कर अरुण जेटली को श्रद्धांजलि अर्पित की। 
गायक अदनान सामी ने कहा कि श्री अरुण जेटली के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। वह बहुत दयालु थे। उनकी आत्मा को शांति मिले। 
अभिनेता और सांसद सनी देओल ने ट्वीट कर कहा, ‘‘देश ने एक और महान नेता खो दिया है। हमारी प्रार्थनाएं उनके परिवार के साथ हैं।’’ 
अभिनेता रीतेश देशमुख ने भी अपने ट्वीट में कहा, ‘‘अरुण जेटली के निधन से बेहद दुखी हूं। उनके परिवार और प्रियजन के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।’’ 

भजन गायक अनूप जलोटा ने लिखा, ‘‘पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन की खबर ने दुखी कर दिया। भगवान उनके परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे। ओम शांति। 
अभिनेत्री गुल पनाग ने लिखा, ‘‘देश के लिए क्षति, ईश्वर उनके परिवार को असमय हुयी इस क्षति को सहने की शक्ति दे।’’ 
फिल्म निर्माता करण जौहर ने ट्वीट कर कहा, ‘‘आज देश एक मजबूत और सशक्त नेता के जाने पर दुखी है..। मेरी भावनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार और प्रियजनों के लिये हैं।’’ 
अभिनेत्री निमरत कौर ने लिखा,‘‘ भावुक ह्रदय से अरुण जेटली जी के निधन पर सहानुभूति, कभी भी उनसे मिलने का मौका नहीं मिला लेकिन उनके कॉलेज में पढ़ने का मौका मुझे मिला था। उनका योगदान और विरासत आने वाली पीढ़ियों के साथ रहेंगी। ’’ 
अभिनेता अजय देवगन ने ट्वीट कर कहा, ‘‘ अरुण जेटली के निधन से बहुत दुखी हूं। भारत को लेकर उनके विजन की बहुत प्रशंसा करता हूं। वह एक ऐसे नेता थे जिनसे बात करना मुझे हमेशा अच्छा लगता था। मेरी संवेदनायें इस दुख की घड़ी में उनके परिवार साथ हैं।

Ujjwal Jain