टीवी इंडस्ट्री से एक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आयी है और ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार टीवी अभिनेत्री सेजल शर्मा ने शुक्रवार को आत्महत्या कर ली। सेजल ‘दिल तो हैप्पी है जी’ में सिम्मी खोसला के किरदार से लोकप्रिय हुई थीं। उनकी आत्महत्या की खबर से पूरी टीवी इंडस्ट्री शोक में डूब गयी है।

‘दिल तो हैप्पी है जी’ में सेजल के सह-कलाकार अरु के. वर्मा ने टाइम्स ऑफ इंडिया डॉट कॉम से कहा, “हां, यह सच है। यह खबर सुन कर मैं चौंक गया। मेरे लिए इस पर विश्वास कर पाना काफी मुश्किल है, क्योंकि मैं उनसे बस 10 दिन पहले ही मिला था और यहां तक की रविवार को हमारी व्हाट्सएप पर बात भी हुई थी। मैं उनसे जब 10 दिन पहले मिला तब वह बिल्कुल ठीक थीं।”

वर्मा ने शो में सेजल के भाई का किरदार निभाया था। उन्होंने पोर्टल से आगे कहा, “उनका परिवार शव को अंतिम संस्कार के लिए उदयपुर ले गया है।”कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि आत्महत्या के पीछे का कारण अभिनेत्री के निजी जीवन में कुछ परेशानी हो सकती है।

उदयपुर की रहने वालीं सेजल साल 2017 में मुंबई आईं थीं। स्टार प्लस के शो ‘दिल तो हैप्पी है जी’ में अपनी शुरुआत से पहले, वह कुछ विज्ञापनों में दिखाई दीं। उन्होंने ‘आजाद परिंदे’ नामक एक वेब सीरीज में भी काम किया था।

बता दें कुछ समय पहले टीवी अभिनेता कुशल पंजाबी ने भी अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सेजल के करीबी दोस्त और सह कलाकार इस खबर को सुनकर बेहद आहत है।


Download Android App
Download iOS App




