अपने दौर में सिल्वर स्क्रीन पर राज करने वाले बॉलीवुड ‘हीमैन’ धर्मेंद्र 86 की उम्र में एक बार फिर से अपनी अदाकारी से लोगों के दिलों पर राज करने वाले हैं। धर्मेंद्र बॉलीवुड से लंबे समय से भले दूर हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर अपने फैंस के साथ अक्सर अपनी पोस्ट के जरिए रुबरू होते हैं। ट्विटर और इंस्टाग्राम पर वह अक्सर अपनी पुरानी यादों को शेयर कर उन्हें ताजा करते रहते हैं।
धर्मेंद्र के पोस्ट उनके फैंस को काफी पसंद आते हैं। हाल ही में देर रात उन्हें ट्विटर पर ट्वीट करता देख उनके एक फैन ने उन्हें जल्द सो जाने की सलाह दी, जिसके बाद उन्होंने फैंस को मजेदार अंदाज में रिप्लाई किया।
फैन ने जब धर्मेंद्र को ऑनलाइन देखा तो कहा- ‘इतनी रात को जागना सेहत के लिए ठीक नहीं है सर सो जाइए।’ फैन ने धर्मेंद्र के देर रात किए गए पोस्ट पर कमेंट किया था। ऐसे में धर्मेंद्र ने भी जवाब देते हुए कहा- ‘नींद के भी अपने ही नखरे होते हैं। अक्षय, कभी कभी बर्दाश्त करने पड़ते हैं। अब सो जाऊंगा।’ धर्मेंद्र ने रिवील करते हुए कहा कि उन्हें नींद बड़ी मनमानियां करती है, जिसे उन्हें कई बार बर्दाश्त करना पड़ता है।
फैन ने धर्मेंद्र के उस पोस्ट पर कमेंट किया था जिसमें लेजेंड ने अपनी फिल्म का एक गाना शेयर किया था- ‘मैं निगाहें तेरे चेहरे से हटाऊं कैसे…।’ धर्मेंद्र ने साल 1964 में आई फिल्म ‘आपकी परछाइयां’ में काम किया था। इसी फिल्म का गाना धर्मेंद्र ने शेयर किया था। इस वीडियो को शेयर करते हुए धर्मेंद्र ने कैप्शन में लिखा था- ‘नलिनी जी आप पर ईश्वर का आशीर्वाद है क्योंकि आपके बच्चे जानते हैं कि उन्हें क्या करना है। इस क्लिप के लिए शुक्रिया।’
‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में धर्मेंद्र जल्द नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन करण जौहर कर रहे हैं। फिल्म में आलिया भट्ट, रणवीर सिंह, जया बच्चन और शबाना आजमी भी धर्मेंद्र के साथ नजर आने वाले हैं। धर्मा प्रोडक्शंस और वायकॉम 18 द्वारा निर्मित, यह फिल्म 2022 में रिलीज होने वाली है।