इंडिया में चल रहे किसान आंदोलन की गूंज इंटरनेशनल लेवल पर सुनाई देने लगी थी। एक बार फिर अब इस मुद्दे पर आवाज़ उठने लगी है। अब एक इंडो कैनेडियन यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर लिली सिंह इस विवाद में किसानो को सपोर्ट करते नज़र आई। दरअसल, 63वें ग्रैमी अवॉर्ड्स 2021 में वो अलग ही रुख में नजर आई और इसी अवार्ड शो के दौरान उन्होंने एक बार फिर ये मुद्दा उठाया।
जी हां, लिली सिंह ने भारत में चल रहे किसान आंदोलन का खुलकर समर्थन किया। वहीं, उनका तरीका देख लोग हैरान रह गए। दरअसल, लिली ने कई महीनों से लगातार चल रहे आंदोलन पर भारतीय किसानों के सपोर्ट में अपनी बात चेहरे के मास्क के जरिए रखी।
लिली सिंह ने काले रंग का एक मास्क पहन रखा था, जिसमें लिखा था ‘I Stand With Farmers’। इसके साथ ही उन्होंने ब्लैक कलर का फुल सूट रहन रखा था। जिसमें उनका लुक काफी शानदार लग रहा था। लिली ने अपनी यह तस्वीर अपने ट्विटर अकाउंट पर भी शेयर की है।
लिली ने ट्वीट कर लिखा ‘’मैं जानती हूं कि रेड कार्पेट/अवॉर्ड शो की तस्वीरों को सबसे ज्यादा कवरेज मिलता है। तो यह लो मीडिया। इसके साथ चलने के लिए खुद को आजाद महसूस करो।” लिली की यह फोटो सोशल मीडिया पर चौतरफा शेयर की जा रही है। साथ ही इसे कई लोगों का सपोर्ट भी मिल रहा है।
बता दें कि इंडो-कनाडियन यूट्यूबर लिली सिंह की सोशल मीडिया पर काफी बड़ी फैन फॉलोइंग है। इंस्टाग्राम पर उनके 9.6 मिलियन फॉलोअर्स हैं। 5.5 ट्विटर फॉलोअर्स और 14 मिलियन यूट्यूब सबस्क्राइबर्स हैं। इस तरह लिली सिंह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और उनकी आवाज कई लोगों तक एक साथ पहुंचती है।