बॉलीवुड की दमदार एक्ट्रेस नेहा धूपिया एक बार फिर से मां बन गई हैं। एक्ट्रेस ने एक बेटे को जन्म दिया है। एक्ट्रेस के बेटे के जन्म की बात अभिनेत्री के पति और एक्टर अंगद बेदी ने फैंस से शेयर की है। नेहा धूपिया और अंगद बेदी ने रविवार को अपने दूसरे बच्चे का स्वागत किया है। अंगद और नेहा के पहले से एक बेटी भी है।
अंगद बेदी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट लिखकर इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “सर्वशक्तिमान ने आज हमें एक बच्चे का आशीर्वाद दिया। नेहा और बेबी बॉय दोनों ठीक हैं। मेहर अपने बेबी का टाइटल अपने छोटे भाई को देने के लिए तैयार है। बेदी बॉय आ गया है। वाहेगुरु मेहर करे।” इसके साथ ही अंगद ने नेहा के साथ प्यारी तस्वीर भी शेयर की, जिसमें वह बेबी बंप दिखती नजर आ रही हैं।
आपको बता दें कि नेहा धूपिया और अंगद बेदी ने मई साल 2018 में सात फेरे लिए थे और खास बात ये है कि उसी साल 18 नवंबर में दोनों बेटी मेहर के पैरेंट्स बने थे। नेहा शादी से पहले ही प्रेग्नेंट थीं और जब नेहा ने अपनी प्रेग्नेंसी की न्यूज दी थी तब वह काफी सुर्खियों में आ गई थीं। ऐसे में अब नेहा ने फिर से मां बनने की खबर से उनके फैंस काफी खुश हैं।
नेहा धूपिया की प्रोफेशनल लाइफ की बात की जाए तो वह लास्ट फिल्म ‘देवी’ में दिखाई दी थीं जो एक शॉर्ट फिल्म थी। अब नेहा अ थर्सडे और सनक में नजर आने वाली हैं। ‘सनक’ में विद्युत जामवाल लीड रोल में हैं। वहीं अंगद बेदी की बात करें तो वह लास्ट फिल्म ‘गुंजन सक्सेना’ में नजर आए थे। फिल्म में अंगद ने जाह्नवी कपूर के भाई का किरदार निभाया था। इस फिल्म के लिए अंगद की काफी तारीफ भी की गई थी।