ग्लोबल आइकॉन प्रियंका चोपड़ा ने अपने फैंस को एक बड़ा सरप्राइज दिया है। एक्ट्रेस हाल ही में मां बनी। ऐसे में एक मां के तौर पर उन्होंने इस बार पहली बार मदर्स डे मनाया है। ये स्पेशल डे प्रियंका चोपड़ा और उनके फैंस के लिए यादगार बन गया। दरअसल, इस ख़ास मौके पर उन्होंने फैंस के साथ अपनी बेटी मालती मैरी चोपड़ा की पहली तस्वीर शेयर की। ये दिन एक्ट्रेस के लिए इसलिए भी ख़ास रहा क्योकि प्रियंका और निक ने पहली बार अपनी बेटी को गले लगाया और फाइनली अपनी बेटी का घर पर स्वागत किया।
निक और प्रियंका ने बताया कि कैसे उनकी बच्ची पिछले 100 दिनों से ज्यादा तक अस्पताल में रहने के बाद पहली बार घर आई है। तो वही फोटो की बात करें तो निक और प्रियंका इसमें साथ बैठे हैं। प्रियंका की गोद में उनकी बेटी है, जिसे उन्होंने सीने से लगाया हुआ है। हालांकि फोटो में बच्ची के चेहरे को निक और प्रियंका ने एक इमोजी से ढका हुआ है। प्रियंका ने अपनी बच्ची को गले लगा रखा है और निक बड़े प्यार से अपनी बेटी को निहार रहे हैं।
प्रियंका ने फोटो शेयर करते हुए मां बनने के एहसास को फैंस के साथ शेयर किया है। उन्होंने लिखा, 'इस मदर्स डे के मौके पर मैं आपको बताना चाहती हूं कि हम पिछले कुछ महीनों से एक रोलर कोस्टर राइड पर बैठे हैं। हमें पता है कि और भी लोगों ने इस तरह का अनुभव किया होगा। एनआईसीयू में 100 से ज्यादा दिनों के बाद, हमारी नन्ही परी आखिरकार घर आ गई है। हर परिवार का सफर अलग होता है और उसमें विश्वास की जरूरत होती है। हमारे पिछले कुछ महीने चैलेंज से भरे थे।'
प्रियंका चोपड़ा ने आगे लिखा, 'अब एक बात साफ हो गई है कि हर पल परफेक्ट और कीमती है। हम बेहद खुश हैं कि हमारी बच्ची आखिरकार घर आ गई है। हम लॉस एंजेलिस के Rady Children’s La Jolla and Cedar Sinai अस्पताल के हर डॉक्टर, नर्स और स्पेशलिस्ट को शुक्रिया कहना चाहते हैं, जिन्होंने निस्वार्थ होकर हमारी मदद की। हमारी जिंदगी का अगला चैप्टर अब शुरू हुआ है। MM, मम्मी और डैडी तुमसे बहुत प्यार करते हैं।'
अब प्रियंका चोपड़ा के इस पोस्ट को फैंस खूब पसंद कर रहे है। साथ ही सभी सेलेब्स भी इस नहीं बच्ची पर अपना प्यार लुटा रहे है। ये पोस्ट सामने आते ही वायरल हो गया है।