राम तेरी गंगा मैली जैसी फिल्मों से मशहूर हुए एक्टर राजीव कपूर का मंगलवार को निधन हो गया है। 58 साल के राजीव का हार्ट अटैक से निधन हुआ है। तबीयत खराब होने पर राजीव कपूर को इनलंक्स अस्पताल ले जाया गया था जहां करीना के पिता रणधीर भी पहुंचे। लाख कोशिशों के बाद भी डॉक्टर राजीव को नहीं बचा पाए।
बताया जा रहा है कि दिल का दौरा पड़ने पर रणधीर कपूर छोटे भाई राजीव कपूर को लेकर अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन डॉक्टर्स ने वहां उनको मृत घोषित कर दिया। रणधीर कपूर ने भी छोटे भाई के निधन की खबर की पुष्टि की है। उन्होंने कहा- ‘मैंने अपने सबसे छोटे भाई राजीव को खो दिया है। वो अब इस दुनिया में नहीं रहा। डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका’।
उन्होंने आगे कहा- ‘मैं अस्पताल में हूं और अपन छोटे भाई का शव लेने का इंतजार कर रहा हूं’। दिवगंत अभिनेता ऋषि कपूर की पत्नी नीतू कपूर ने भी सोशल मीडिया के जरिए राजीव कपूर के निधन की पुष्टि की है। उन्होंने राजीव कपूर की एक फोटो शेयर की है।
राजीव तीनों भाइयों में सबसे छोटे हैं। पिछले साल ही ऋषि कपूर का निधन हुआ था जिससे परिवार अभी तक उबर भी नहीं पाया था और अब राजीव के निधन से परिवार को एक और बड़ा झटका लगा है।
बता दें कि राजीव ने अपने करियर की शुरुआत फिल्म जिम्मेदार से की थी। हालांकि उन्हें असली पहचान फिल्म राम तेरी गंगा मैली से मिली थी। एक्टिंग में सक्सेस नहीं मिलने के बाद राजीव ने फिर प्रोड्यूसर के तौर पर अपना काम शुरू किया। राजीव ने हीना, प्रेम ग्रंथ और आ अब लौट चलें फिल्मों को प्रोड्यूस किया है।