मध्य प्रदेश के इंदौर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ाए जाने की अटकलों को फिल्म अभिनेता सलमान खान ने खारिज कर दिया है। उन्होंने गुरुवार को ट्वीट कर साफ कर दिया कि वे न तो चुनाव लड़ेंगे और न ही किसी दल के लिए प्रचार करेंगे।
इंदौर में जन्मे सलमान खान को कांग्रेस के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ाए जाने की लंबे अरसे से अटकलें लगाई जा रही थीं। इतना ही नहीं, कांग्रेस के एक प्रदेश प्रवक्ता ने तो दो दिन पहले मीडिया के बीच यहां तक कह दिया था कि पार्टी के नेताओं की सलमान खान से पार्टी के लिए प्रचार करने की बातचीत चल रही है।
कांग्रेस नेताओं द्वारा दिए जा रहे बयानों के बीच सलमान खान ने गुरुवार को ट्वीट कर सारी अटकलों को खारिज कर दिया है। उन्होंने लिखा है, अफवाहों के उलट, मैं न तो चुनाव लड़ रहा हूं और न ही किसी राजनीतिक दल के लिए चुनाव प्रचार कर रहा हूं।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने 7 मार्च को अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए कहा था कि ‘फिल्म स्टार सलमान खान इंदौर से हैं। मैंने फोन पर चर्चा करते हुए उनसे पूछा था कि आप मध्यप्रदेश में क्या मदद कर सकते हैं?
सलमान खान ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ से कहा था कि वह पर्यटन और विरासत को बचाने पूरी मदद करेंगे। वे एक से 18 अप्रैल तक मध्यप्रदेश में रहेंगे।
कमलनाथ के इस बयान के बाद कांग्रेस के नेता कहने लगे थे कि सलमान खान चुनाव प्रचार करेंगे। कांग्रेस के नेता तो सलमान को इंदौर से उम्मीदवार बनाए जाने की मांग तक करने लगे थे। वहीं भोपाल के नवाब पटौदी परिवार की बहू अभिनेत्री करीना कपूर को राजधानी से चुनाव लड़ाने की मांग भी उठी थी।
वर्क फ्रंट की बात करें तो सलमान खान अपने होम प्रोडक्शन की फिल्म ‘नोटबुक’ से दो नये चेहरे मोहनिश बहल की बेटी प्रनूतन और जहीर इकबाल को लांच करने जा रहे है और ये फिल्म कश्मीर पर आाधारित प्रेम कहानी है। फिल्म में दोनों लीड कलाकारों ने स्कूल शिक्षक की भूमिका निभायी है।


Download Android App
Download iOS App









