सलमान खान की फिल्म ‘अंतिम’ एक लंबे वक्त के बाद सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। सलमान खान इस फिल्म में एक पंजाबी पुलिस ऑफिसर के अवतार में नजर आ रहे हैं। उनका धमाकेदार एक्शन फैंस को बहुत पसंद आ रहा है। सलमान के डाई हार्ड फैन उन्हें इतना पसंद करते हैं कि उनकी फिल्म रिलीज को त्योहार जैसे मानते हैं। ऐसा ही एक वाकया सलमान ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया जिसमें उनके फैंस थिएटर में पटाखें फोड़ते दिखाई दे रहे हैं।
दरअसल सलमान खान का क्रेज इतना ज्यादा है कि उनके फैंस उनके लिए जो भी करें वो कम ही लगता है। हाल ही में फिल्म 'अंतिम' देखने सिनेमाघरों में पहुंचे कुछ लोगों ने सलमान को देख सिनेमाघरों में खुशी जताते हुए आतिशबाजी की। सलमान खान के फैंस सिनेघर में पटाखे लेकर पहुंच थे। ऐसे में वहां कोई बड़ा हादसा भी हो सकता था। ये देखते हुए सलमान खान ने अपने फैंस से ऐसा ना करने की गुजारिश की है। सलमान ने एक वीडियो शेयर करते हुए अपने फैंस से ऐसा ना करने की अपील की है।
सलमान खान ने खुद अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। ये वीडियो थिएटर के अंदर का है, जहां स्क्रीन पर सलमान की फिल्म ‘अंतिम: द फाइनल ट्रुथ’ चल रही है। इसी दौरान सलमान की एंट्री पर उत्साहित हुए फैंस ने थिएटर के भीतर ही आतिशबाजी कर डाली। वीडियो में पटाखों की चिंगारी लोगों पर उड़ती साफ नजर आ रही है।
इस वीडियो को शेयर करते हुए सलमान खान ने लिखा है, ‘मैं अपने सभी फैंस से रिक्वेस्ट करता हूं कि आप सिनेमा हॉल के अंदर पटाखे लेकर न जाएं। यह लोगों की जान के लिए नुकसानदायक हो सकता है। मैं सिनेमाघर मालिकों से निवेदन करता हूं कि वह सिनेमा हॉल के अंदर पटाखे ले जाने की इजाजत न दें और सिक्योरिटी ऐसे लोगों को एंट्री पॉइंट पर ही रोक दे। फिल्म का पूरे तरीके से आनंद उठाइए लेकिन प्लीज इस तरह की चीजें न करें.. धन्यवाद।’