कोरोना वायरस की दूसरी लहर से न केवल आम लोग बल्कि बॉलीवुड सितारें भी अब अछूते नहीं रहे हैं। इन दिनों देश में कोरोना के बढ़ते प्रकोप से बॉलीवुड स्टार्स भी कोरोना वायरस का शिकार हो रहे हैं। इस लिस्ट में अब शिल्पा शेट्टी परिवार वालों का नाम भी शामिल हो गया है। हालांकि शिल्पा का कोरोना टेस्ट नेगेटिव आया है, लेकिन एक्ट्रेस के घर सभी लोग और स्टाफ कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं। शिल्पा शेट्टी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इस बात की जानकारी दी है।
शिल्पा शेट्टी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करके जानकारी दी और बताया, पिछले 10 दिन हमारे परिवार के लिए काफी कठिन रहे हैं। मेरे सास-ससुर कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद समीशा, विवान, मेरी मां और अब राज। ये सभी गाइडलाइंस के मुताबिक अपने-अपने कमरों में आइसोलेशन में हैं और डॉक्टर की सलाह फॉलो कर रहे हैं। हमारे घर के 2 स्टाफ मेंबर भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं और उनका मेडिकल फेसिलिटी में इलाज चल रहा है।
एक्ट्रेस आगे लिखती हैं, भगवान की कृपा से सभी लोग रिकवरी कर रहे हैं। मेरा टेस्ट निगेटिव आया है। नियमों के मुताबिक सभी सावधानियां बरती जा रही हैं और बीएमसी, अधिकारियों की मदद के लिए शुक्रगुजार हैं। आप सभी के प्यार और सहयोग का शुक्रिया और अपनी दुआओं में हमें याद रखें। चाहे आप कोविड पॉजिटिव हों या नहीं कृपया मास्क पहनें, सैनटाइज करते रहें और सुरक्षित रहें… अभी भी मेंटली पॉजिटिव बने रहें।
मालूम हो शिल्पा शेट्टी की फैमिली के कोरोना पॉजिटिव पाए जानें से पहले बॉलीवुड गलियारों से आमिर खान, अक्षय कुमार, कार्तिक आर्यन, अर्जुन रामपाल, भूमि पेडनेकर, आशीष विद्यार्थी, सतीश कौशिक, मनोज बाजपेयी जैसे सैकड़ों कलाकार कोरोना वायरस का शिकार हो चुकें हैं।